‘जीरो ड्यूटी’ एक्सेस से यूपी के MSME और आगरा के चमड़ा उद्योग को मिलेगा नया वैश्विक विस्तार: नंदी
लखनऊ, 28 अप्रैल (TNA) उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी और निर्णायक नेतृत्व का परिणाम बताते हुए इसे उत्तर प्रदेश के उद्योग, निर्यात और MSME सेक्टर के लिए बड़ा अवसर बताया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक मंच पर एक सशक्त आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है। यह FTA देश के निर्यात को नई गति देगा एवं उत्तर प्रदेश जैसे बड़े औद्योगिक राज्य के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगा।
नंदी ने कहा कि इस समझौते के तहत भारतीय उत्पादों पर लगने वाला 10 प्रतिशत तक का शुल्क समाप्त होना, हमारे निर्यातकों के लिए अभूतपूर्व अवसर लेकर आया है। ‘जीरो ड्यूटी’ एक्सेस से अब उत्तर प्रदेश के उत्पाद वैश्विक बाजार में और अधिक प्रतिस्पर्धी बनेंगे। उन्होंने विशेष रूप से आगरा के उद्योगों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह समझौता आगरा के चमड़ा उद्योग के लिए नए बाजार खोलने वाला है। न्यूजीलैंड एक बड़े निर्यात गंतव्य के रूप में उभरेगा, जिससे वहां के उद्यमियों और कारीगरों को सीधा लाभ मिलेगा।
नंदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना, हथकरघा, हस्तशिल्प, कालीन और नक्काशी जैसे पारंपरिक उद्योगों को भी इस FTA से नई अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी। इससे हमारे कारीगरों और लघु उद्यमियों को वैश्विक स्तर पर अपने उत्पाद पहुंचाने का अवसर मिलेगा। नंदी ने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश के उद्योग, विशेष रूप से MSME सेक्टर, इस समझौते का सबसे बड़ा लाभ उठाएंगे। इससे प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और युवाओं व महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का मौका मिलेगा।
अंत में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार की नीतियां स्पष्ट, पारदर्शी और विकासोन्मुख हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक व्यापार का एक प्रमुख केंद्र बन रहा है और उत्तर प्रदेश इसमें अग्रणी भूमिका निभाते हुए देश की आर्थिक प्रगति का इंजन बनेगा।
