मैनपुरी में स्वतंत्रता दिवस की शाम रोशन हुए ईशन नदी के घाट, डीएम की पहल पर लोगों ने किया दीपदान

मैनपुरी में स्वतंत्रता दिवस की शाम रोशन हुए ईशन नदी के घाट, डीएम की पहल पर लोगों ने किया दीपदान

मैनपुरी || जिले की ऐतिहासिक ईशन नदी के घाट स्वतंत्रता दिवस की शाम को रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठे। घाटों पर दीपदान किया गया। जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने और ईशन नदी से लोगों को जोड़ने के लिए जिलाधिकारी की ओर से पहल की गई है। इसके तहत रविवार को ईशन नदी के घाटों पर दीपोत्सव मनाया गया। 

इस अवसर पर जिला अधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह और एसपी अशोक कुमार राय ने परिवार सहित ईशन नदी किनारे पहुंचकर दीपदान किया। कार्यक्रम में जिलेभर के अधिकारी शामिल हुए। शहर के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान ईशन नदी किनारे आतिशबाजी भी हुई, जिससे आसमान तिरंगामय हो गया।  

ईशन नदी की साफ सफाई के लिए जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जनपदवासियों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ईशन नदी किनारे दीपोत्सव मनाने की अपील की थी। इस पर रविवार को ईशन नदी के घाटों पर दीपदान का आयोजन हुआ।  

स्वतंत्रता दिवस की शाम साढ़े छह से सात बजे के बीच ईशन नदी किनारे अलग-अलग जगहों पर दीपोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों के साथ शहर के लोग शामिल हुए। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ ही ईशन नदी से लोगों को जोड़ना है। 

देवी रोड पुल और नुमाइश के पास दीपोत्सव की जिम्मेदारी अपर मुख्य अधिकारी ने संभाली। भोगांव रोड पर ईशन नदी पुल के पास माल संचालक ने कार्यक्रम की जिम्मेदारी ली। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि यह अभियान आमजन का है। इसका उद्देश्य लोगों को जल संरक्षण के लिए जागरूक करना है।

इस अभियान से सामाजिक संगठन, एनजीओ के साथ-साथ जिलेभर के लोग जुड़े। ग्रामीणों ने तालाबों पर दीपदान किया। लोगों ने दीपदान करते हुए अपनी सेल्फी जिलाधिकारी के सीयूजी नंबर पर भेजी हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि 10 बेहतर सेल्फी भेजने वालों को वह अपने आवास पर आमंत्रित करके सम्मानित करेंगे।

Related Stories

No stories found.
logo
The News Agency
www.thenewsagency.in