यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 38 IAS अधिकारियों के तबादले, कई जिलों में नई तैनाती से बदले समीकरण

यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 38 IAS अधिकारियों के तबादले, कई जिलों में नई तैनाती से बदले समीकरण

2 min read

लखनऊ, मई 4 (TNA) उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाने के उद्देश्य से 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस बड़े फेरबदल में जिलाधिकारियों, नगर आयुक्तों, मुख्य विकास अधिकारियों और शासन स्तर के वरिष्ठ पदों पर व्यापक बदलाव देखने को मिला है। खास बात यह है कि कई अधिकारियों को जिलों से हटाकर शासन में अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि कुछ को फील्ड में भेजा गया है।

जारी सूची के अनुसार, संतोष कुमार शर्मा को महाराजगंज के जिलाधिकारी पद से हटाकर फिरोजाबाद का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं राजेंद्र पैंसिया को संभल से हटाकर मुरादाबाद का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। अंकित खंडेलवाल, जो आगरा के नगर आयुक्त थे, अब संभल के नए जिलाधिकारी बनाए गए हैं।

इसी तरह अभिषेक पांडेय को राजस्व परिषद में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त से हटाकर प्रतापगढ़ का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं शिव सहाय अवस्थी को प्रतापगढ़ से हटाकर उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण में मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। अनुज सिंह को मुरादाबाद से हटाकर मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव बनाया गया है।

अभिनव गोपाल, जो गाजियाबाद में मुख्य विकास अधिकारी थे, उन्हें गोरखपुर विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं अजय जैन को लखनऊ के मुख्य विकास अधिकारी पद से हटाकर गोरखपुर का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। स्वास्थ्य विभाग में भी बदलाव हुआ है। डॉ. अलका वर्मा को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं से हटाकर वित्त विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है, जबकि निधि बंसल को प्रतिनियुक्ति से वापस लाकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग में निदेशक (प्रशासन) बनाया गया है।

इसी क्रम में डॉ. दिनेश चंद्र को जौनपुर के जिलाधिकारी पद से हटाकर लोक निर्माण विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं प्रवीन मिश्रा को मऊ से हटाकर समाज कल्याण विभाग में विशेष सचिव और अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग में सचिव बनाया गया है।

देवरिया की जिलाधिकारी दिव्या मित्तल को राजस्व विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है, जबकि चंद्र शेखर को प्रतिनियुक्ति से वापस लाकर सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा कई संयुक्त मजिस्ट्रेटों और मुख्य विकास अधिकारियों के भी तबादले हुए हैं। आलोक प्रसाद (बहराइच), नेहा बंड्याल (जालौन) और कुमार सौरभ (जौनपुर) को मुख्य विकास अधिकारी के पद पर नई तैनाती दी गई है।

logo
The News Agency
www.thenewsagency.in