डिम्पल यादव के जन्मदिन को सपाइयों ने धूम धाम से मनाया

डिम्पल यादव के जन्मदिन को सपाइयों ने धूम धाम से मनाया

लखनऊ, जनवरी 16 (TNA) समाजवादी महिला सभा राष्ट्रीय द्वारा मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव के जन्मदिन के अवसर पर सोमवार को विशाल भंडारा का आयोजन समाजवादी पार्टी कार्यालय, लखनऊ में किया गया। इसमें मुख्य अतिथि डिम्पल यादव रहीं। उन्होंने अपने जन्मदिन पर भंडारा में प्रसाद वितरित किया। महिलाओं से मुलाकात की और जनता के बधाई संदेशों को स्वीकार किया।

आयोजन में महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह ने कहा आज महिला सशक्तिकरण की प्रतीक हमारी नेता का जन्मदिन जनसेवा करके मनाया गया हैं। सभी की वह प्रेरणास्रोत हैं। भंडारा का आयोजन महिला सभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा यादव ने किया। जिसमें विशिष्ट अतिथि सर्वश्री राजेंद्र चौधरी राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री, नरेश उत्तम पटेल प्रदेश अध्यक्ष, अरविंद कुमार सिंह पूर्व सांसद, जूही सिंह राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजवादी महिला सभा, विधायक रविदास मेहरोत्रा, डॉ0 राजपाल कश्यप पूर्व एमएलसी, उदय आदि शामिल रहे ।

कानपुर के शांति स्थापना मिशन की ओर से समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय सचिव अपर्णा जैन एवं प्रवक्ता डॉ0 नीतेन्द्र यादव द्वारा भंडारा का आयोजन किया गया। उन्होंने एक हजार कम्बल एवं एक हजार साड़ियों का वितरण भी किया। साथ में रिंकू गुप्ता, फिरोज अहमद, सोनू यादव आदि ने भी प्रसाद वितरण में सहयोग किया। समाजवादी महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव द्वारा अलीगंज महावीर मंदिर लखनऊ के पास गरीबों को कम्बल तथा खिचड़ी बांटी गई। इस कार्यक्रम में ममता शर्मा, आशुतोष शर्मा, ज्ञानमती भार्गव के साथ महिला सभा की टीम ने सहयोग किया।

डिम्पल यादव के जन्मदिन पर अयोध्या में पूर्व विधायक पवन पाण्डेय द्वारा ठंड से ठिठुरती एक हजार महिलाओं को कम्बल तथा तीन हजार से ज्यादा लोगों को भोजन वितरित किया गया। इस कार्यक्रम में अध्यक्ष विधानसभा श्री रक्षाराम यादव ने अध्यक्षता तथा संचालन श्री गयादीन यादव ने किया।

Related Stories

No stories found.
logo
The News Agency
www.thenewsagency.in