योगी सरकार ने राजीव कृष्ण को बनाया यूपी पुलिस का नया कार्यवाहक डीजीपी

योगी सरकार ने राजीव कृष्ण को बनाया यूपी पुलिस का नया कार्यवाहक डीजीपी

1 min read

लखनऊ, मई 31 (TNA) उत्तर प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्ण को कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया है। वे राज्य के लगातार पांचवें कार्यवाहक डीजीपी हैं। वर्तमान में वे विजिलेंस निदेशक और उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं।

1991 बैच के अधिकारी राजीव कृष्ण मूल रूप से नोएडा के निवासी हैं। उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भरोसेमंद अधिकारी माना जाता है। हाल के वर्षों में पुलिस भर्तियों की पारदर्शिता सुनिश्चित करने में उनकी अहम भूमिका रही है।

राजीव कृष्ण का जन्म 26 जून 1969 को हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रयागराज में प्रशिक्षु आईपीएस के रूप में की। इसके बाद उन्होंने बरेली, कानपुर और अलीगढ़ में एएसपी के रूप में कार्य किया। उन्हें पहली बार फिरोजाबाद में 1997 में एसपी नियुक्त किया गया। इसके बाद वे इटावा, मथुरा, फतेहगढ़, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, आगरा, लखनऊ और बरेली में एसएसपी रहे।

मायावती सरकार के दौरान जब प्रमुख जिलों में डीआईजी तैनात किए गए, तब उन्हें लखनऊ का डीआईजी बनाया गया। इसके बाद वे मेरठ रेंज के आईजी, लखनऊ और आगरा जोन के एडीजी तथा पुलिस अकादमी मुरादाबाद में भी सेवाएं दे चुके हैं। 2012 में वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए और 2017 में प्रदेश लौटकर विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत हैं।

राजीव कृष्ण एक ऐसे परिवार से आते हैं जहां कई सदस्य प्रशासनिक सेवाओं में कार्यरत हैं। उनकी पत्नी भारतीय राजस्व सेवा की अधिकारी हैं और वर्तमान में लखनऊ में तैनात हैं।

Related Stories

No stories found.
logo
The News Agency
www.thenewsagency.in