कांशीराम की 92वीं जयंती पर बसपा का ‘लखनऊ चलो’ आह्वान, राजधानी में होगा भव्य कार्यक्रम

कांशीराम की 92वीं जयंती पर बसपा का ‘लखनऊ चलो’ आह्वान, राजधानी में होगा भव्य कार्यक्रम

1 min read

लखनऊ, मार्च 7 (TNA) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने पार्टी संस्थापक कांशीराम की 92वीं जयंती के अवसर पर 15 मार्च को ‘लखनऊ चलो’ का आह्वान किया है। इस दिन राजधानी लखनऊ में पुरानी जेल रोड स्थित कांशीराम स्मारक स्थल पर एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जुटने की उम्मीद है।

मुख्य आयोजन लखनऊ के कांशीराम स्मारक स्थल पर होगा, जहां प्रदेश के करीब 12 मंडलों से बसपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। पार्टी संगठन इस कार्यक्रम को सफल और प्रभावशाली बनाने के लिए अंतिम तैयारियों में जुटा हुआ है।

इस कार्यक्रम में बसपा सुप्रीमो मायावती के शामिल होने की संभावना भी जताई जा रही है। यदि वह मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करती हैं, तो आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति और दिशा स्पष्ट हो सकती है। हालांकि उनके कार्यक्रम में आने को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

लखनऊ के अलावा नोएडा और राजस्थान के भरतपुर में भी बसपा की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भरतपुर में होने वाली रैली में पार्टी के केंद्रीय संयोजक आकाश आनंद के कार्यकर्ताओं को संबोधित करने की संभावना है।बसपा इस आयोजन को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी से जोड़कर देख रही है।

पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की दिशा में इसे अहम कदम माना जा रहा है। इसी कड़ी में बसपा कुछ सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा भी शुरू कर चुकी है और आने वाले समय में कई और नामों की घोषणा हो सकती है।

logo
The News Agency
www.thenewsagency.in