फतेहपुर में जले इंजन ऑयल और केमिकल से बनाते थे सरसों का तेल, 1500 लीटर तेल बरामद किया

फतेहपुर में जले इंजन ऑयल और केमिकल से बनाते थे सरसों का तेल, 1500 लीटर तेल बरामद किया

2 min read

फतेहपुर || उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में प्रशासन ने छापेमारी कर नकली सरसों के तेल का जखीरा बरामद किया है। प्रशासन ने जिले में धड़ल्ले से चल रहे दो गोदामों से 41 कैन बरामद कर 1500 लीटर तेल सील किया। ये दोनों गोदाम एक ही व्यक्ति चला रहा था। गोदाम में जले इंजन ऑयल और केमिकल से नकली तेल बनाया जा रहा था। जांच टीम के पहुंचने की खबर मिलते ही आरोपी फरार हो गया।

पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। जांच टीम में एसडीएम सदर प्रमोद झा, डीसीपी डीसी मिश्रा, नायब तहसीलदार विकास पांडेय सहित आपूर्ति विभाग के कई अधिकारी मौजूद थे। मामला जिले के ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ का है।

एसडीएम सदर प्रमोद झा ने बताया कि, कृष्ण नगर बाजार निवासी दीपक गुप्ता पुत्र केदारनाथ गुप्ता दो नकली तेल का गोदाम चलाकर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहा था। दीपक ने एक गोदाम अपने घर में बना रखा था, तो दूसरा घर से 500 मीटर दूर दुकान में।

जांच टीम ने दोनों जगह एक साथ छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली सारसों का तेल बरामद किया है। छापेमारी में 41 बड़े कैन मिले हैं, जिनमें 1500 लीटर नकली सरसों का तेल रखा था।

डीएसपी डीसी मिश्रा ने बताया कि, गोदाम को सीज कर आरोपी युवक के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दीपक की तलाश कर रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लंबे समय से इन गोदामों में नकली सरसों के तेल का गोरखधंधा चल रहा था। आरोपी जले इंजन ऑयल और केमिकल से नकली सरसों का तेल बनाते थे। फिर तेल के कैन को बाजारों में बेचा जाता था। आसपास के जिलों में भी तेल की सप्लाई की जाती थी।

वहीं, क्षेत्रीय आपूर्ति अधिकारी आशा राम पाल ने बताया कि, गोदाम में पकड़े गए मिलावटी तेल का नमूना जांच के लिए भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Stories

No stories found.
logo
The News Agency
www.thenewsagency.in