RO का पानी पीने वाले समाजवादी नेताओं को मां गंगा का पानी गंदा ही लगेगा : ए.के. शर्मा
लखनऊ, फ़रवरी 24 (TNA) नगर विकास व ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने विधान परिषद में राज्यपाल के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए आज कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार महाकुंभ की व्यवस्थाओं के नाम पर सनातन धर्मियों एवं भारत की प्राचीन परंपराओं का उपहास कर रही है और उन्हें नीचा दिखाने का कार्य कर रही है और यही कारण है कि ऐसी पार्टियाँ राजनैतिक रूप से हाशिए पर जा रही हैं।
'ठोकर खाकर भी न संभले तो मुसाफिर का नसीब।
वर्ना पत्थरों ने तो अपना फर्ज निभा ही दिया।'
उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा कि प्रयाग की संगम में 62 करोड़ से ज़्यादा लोग आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। नगर विकास मंत्री ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग महाकुम्भ में थोड़ी भी गंदगी दिखी तो उसकी फोटो ट्वीट कर लोगों को भ्रमित कर रहे थे, वहीं NASA सहित देश और दुनिया के वैज्ञानिकों और प्रबुद्ध लोगों ने महाकुम्भ की व्यवस्थाओं ख़ास कर स्वच्छता और लाइटिंग की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि इस नये भारत के नये उत्तर प्रदेश में आयोजित हुआ टेक्नोलॉजी पर आधारित दुनिया का सबसे बड़ा डिजिटल महाकुम्भ है जिसकी चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। शर्मा ने कहा कि इस महाकुंभ में अगड़ा, पिछड़ा व सभी जातियों का समन्वय देखने को मिला सभी को आर्थिक और सामाजिक मजबूती भी मिली। मंत्री ने कहा कि महाकुम्भ में लाखों छोटे दुकानदारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई जो हमारी अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि तीर्थराज प्रयाग में अनेकविध विकास कार्यों के साथ वहाँ आये हुए उपतीर्थों का भी विकास किया गया। जैसे लेटे हनुमान जी, अक्षय वट, भारद्वाज आश्रम, श्रृंगवेरपुर आदि। इस दौरान मंत्री ए के शर्मा ने महाकुंभ में अपनी सेवा समर्पण दे रहे सभी स्वच्छता कर्मियों, नगर कर्मियों, सभी बिजली कर्मियों, सभी पुलिस कर्मियों व अन्य विभागों के सभी कर्मचारियों और प्रशासन के अधिकारियों का नमन सह धन्यवाद ज्ञापित किया
