“फीस के लिए किडनी बेचने की कोशिश: ICU में जिंदगी से जूझ रहा MBA छात्र, बोला-मां को मत बताना”
कानपुर, अप्रैल 2 (TNA) रुपयों के लालच और मजबूरी के बीच फंसे बिहार के एक MBA छात्र आयुष कुमार की हालत इस समय बेहद गंभीर बनी हुई है। किडनी बेचने की कोशिश के बाद उसे कानपुर के हैलट अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। उसे देखने वाले हर व्यक्ति का दिल पसीज रहा है।
पुलिस पूछताछ के दौरान आयुष की मानसिक स्थिति भी बेहद कमजोर नजर आई। जब पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना देने की बात कही, तो वह फूट-फूटकर रोने लगा और हाथ जोड़कर गुहार लगाने लगा-“सर, मेरी मां को कुछ मत बताना, मैंने नौकरी का बहाना बनाकर घर से निकला था।”
इस बीच उसकी गर्लफ्रेंड, जो बिहार के बेगूसराय की रहने वाली है, कानपुर पहुंची। कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों की मुलाकात कराई गई। गर्लफ्रेंड को देखते ही आयुष भावुक हो गया और अपनी गलती स्वीकार करते हुए रो पड़ा। गर्लफ्रेंड ने उसे संभालते हुए दिलासा दिया कि सब ठीक हो जाएगा। दोनों देहरादून की ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, आयुष पिछले दो महीनों से फीस न भर पाने के कारण तनाव में था। परिवार की आर्थिक स्थिति खराब है, पिता का निधन हो चुका है और जमीन भी गिरवी है। इसी दबाव में आकर वह एजेंट के झांसे में आ गया और इस खतरनाक कदम को उठाने की कोशिश की।
