राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मैनपुरी में किया कृषि विज्ञान केंद्र का निरीक्षण, किसानों से की वार्ता

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मैनपुरी में किया कृषि विज्ञान केंद्र का निरीक्षण, किसानों से की वार्ता

मैनपुरी, सितम्बर ३ ।। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शुक्रवार को मैनपुरी का दौरा किया। वह यहां करीब पांच घंटे रहीं। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रम में हिस्सा लिया। सबसे पहले उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र में लगी प्रदर्शन को देखा। इसके बाद किसानों से मुलाकात की। 

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शुक्रवार को मैनपुरी पहुंचीं। उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र की कई यूनिटों का निरीक्षण किया। पोषक वाटिका, मातृ वृक्ष पौधशाला, औषधीय वाटिका, नेट पॉलीहाउस, नाडेप इकाई, वर्मी कंपोस्ट इकाई, अजोला कल्चर उत्पादन इकाई और जैविक कीटनाशक इकाइयों में जाकर पौधों के बारे में जानकारी ली।

उन्होंने वर्टिकल फार्मिंग और मचान विधि से टमाटर का गुणवत्ता पूर्ण उत्पादन करने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डीआर सिंह के साथ लाल चंदन का पौधा रोपित किया। इस दौरान उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र पर आयोजित कृषि प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

अवलोकन के दौरान प्रगतिशील किसान वीरेंद्र सिंह निवासी बलपुरा ने उन्हें प्रतीक चिह्न के रूप में लकड़ी से बना देसी हल भेंट किया। राज्यपाल ने निरीक्षण के बाद जिले की प्रगतिशील कृषक महिलाओं और कृषकों से केंद्र के सभागार में संवाद किया। प्रगतिशील महिला कृषक अनीता देवी, सुनीता राजपूत, मोहिनी देवी, सुनीता देवी, मनु कुमारी, प्रगतिशील कृषक देवेंद्र और वीरेंद्र सिंह ने कृषि विज्ञान केंद्र की तकनीकी सहयोग से अपनी आय में वृद्धि और कृषि उपज के बारे में बताया। 

नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित समारोह में भी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शामिल हुईं। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए सामान भेंट कर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा बेटियों के विकास के लिए संचालित की जा रही योजना आज हजारों परिवारों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रही है।

'गर्भवती महिलाओं का रखें खास ख्याल'

जिले के भ्रमण के दौरान शुक्रवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल आंगनबाड़ी केंद्र कछपुरा पहुंचीं। यहां उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं और ग्राम प्रधान से संवाद किया। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के खेलने के लिए किटों का वितरण किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं का खास ख्याल रखने के लिए कहा, जिससे वे एक स्वस्थ शिशु को जन्म दें।

Related Stories

No stories found.
logo
The News Agency
www.thenewsagency.in