रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वायु सेना अकादमी, डंडीगल में संयुक्त स्नातक परेड की समीक्षा की

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वायु सेना अकादमी, डंडीगल में संयुक्त स्नातक परेड की समीक्षा की

2 min read

नयी दिल्ली, दिसंबर 17 (TNA) भारतीय वायु सेना (आईएएफ) की उड़ान और ग्राउंड ड्यूटी शाखाओं के 213 फ्लाइट कैडेटों के प्रशिक्षण के सफलतापूर्वक पूरा होने के उपलक्ष्य में, 17 दिसंबर, 2023 को तेलंगाना के डंडीगल स्थित वायु सेना अकादमी में, एक संयुक्त स्नातक परेड (सीजीपी) का आयोजन किया गया था।

परेड की समीक्षा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा की गई, उन्होंने स्नातक उड़ान कैडेटों को राष्ट्रपति कमीशन प्रदान करके सम्मानित भी किया। स्नातक होने वाले अधिकारियों में 25 महिलाएं थीं जिन्हें भारतीय वायुसेना की विभिन्न शाखाओं में नियुक्त किया गया था। भारतीय नौसेना के आठ अधिकारियों, भारतीय तटरक्षक बल के नौ और मित्र देशों के दो अधिकारियों को भी उनके उड़ान प्रशिक्षण के पूरा होने पर ‘विंग्स’ पुरस्कार प्रदान करके सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में सिंह ने नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई दी और उनके सफल प्रदर्शन, उत्कृष्ट प्रदर्शन, सटीक ड्रिल चाल और परेड के उच्च मानक के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने उनसे किसी भी परिस्थिति में नए विचारों, नवीन सोच और आदर्शवाद के प्रति खुलेपन को नहीं भूलने का आग्रह किया।

रक्षा मंत्री ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए सशस्त्र बलों में पारंपरिक मूल्यों को उचित महत्व देने का आग्रह किया और इसे समय द्वारा परखा हुआ बताया; किन्तु उन्होंने सुस्पष्ट किया कि यदि बिना विचार किये दीर्घकाल तक पारंपरिक मूल्यों का पालन किया जाता है, तो प्रणाली में “निष्क्रियता या अस्थिकरण” की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि इस स्थिति से बचने और निरंतर बढ़ते समय के साथ तालमेल बनाएं रखने के लिए कुछ नव परिवर्तन करने की आवश्यकता है।

रक्षा मंत्री ने प्रशिक्षण के विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को विभिन्न पुरस्कार भी प्रदान किये। उड़ान शाखा के फ्लाइंग ऑफिसर अतुल प्रकाश को पायलट पाठ्यक्रम के समग्र योग्यता क्रम में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए राष्ट्रपति पट्टिका और वायु सेना प्रमुख स्वोर्ड ऑफ ऑनर सम्मान से सम्मानित किया गया। फ्लाइंग ऑफिसर अमरिंदर जीत सिंह को ग्राउंड ड्यूटी शाखाओं में योग्यता के समग्र क्रम में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए राष्ट्रपति पट्टिका से सम्मानित किया गया।

परेड का समापन नए कमीशन प्राप्त अधिकारियों द्वारा रवीन्द्रनाथ टैगोर के 'आनन्दलोके' के स्वरों के साथ धीमी गति से दो टुकड़ियों में मार्च करने के साथ हुआ। एसयू-30एमकेआई द्वारा एक रोमांचक एरोबेटिक शो, हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम 'सारंग' और 'सूर्यकिरण' एरोबेटिक टीम द्वारा सिंक्रोनस एरोबेटिक्स के साथ संयुक्त स्नातक परेड (सीजीपी) का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Related Stories

No stories found.
logo
The News Agency
www.thenewsagency.in