मौसम की नई चाल: देशभर में बारिश, बादल और हवाओं की दस्तक
कानपुर, मई 4 (TNA) देश में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है और आसमान में बन रही विभिन्न मौसमी प्रणालियों ने कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना बढ़ा दी है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. यस. एन. सुनील पांडेय के अनुसार, इस समय देश के कई हिस्सों में चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ रेखाएं सक्रिय हैं, जो मौसम को रोचक और अप्रत्याशित बना रही हैं।
पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में दक्षिण पंजाब, उत्तर राजस्थान और पश्चिम हरियाणा पर 5.8 से 7.6 किमी की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। इसके प्रभाव से इन क्षेत्रों में आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके साथ ही, एक अन्य परिसंचरण उत्तर-पूर्वी राजस्थान और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश पर 1.5 से 3.1 किमी की ऊंचाई पर स्थित है, जो स्थानीय मौसम को प्रभावित कर सकता है।
दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर भी एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिससे इस क्षेत्र में तापमान में गिरावट और बादलों की आवाजाही देखी जा रही है। वहीं, पश्चिमी मध्य प्रदेश से लेकर उत्तर केरल तक फैली एक ट्रफ रेखा मराठवाड़ा और आंतरिक कर्नाटक होते हुए गुजर रही है, जिससे मध्य और दक्षिण भारत के राज्यों में हल्की वर्षा की संभावना है।
उच्च वायुमंडल में भी परिवर्तन देखे जा रहे हैं, जहां एक ट्रफ 5.8 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है, जो भविष्य के मौसम में बदलाव की ओर इशारा कर रही है। उत्तर बांग्लादेश और आसपास के क्षेत्र में भी ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिससे पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
— अवनीश कुमार