फिजिक्सवाला के आईपीओ की तैयारी, दृष्टि आईएएस के अधिग्रहण को लेकर अटकलें तेज
नोएडा, अप्रैल 1 (TNA) नोएडा स्थित एडटेक यूनिकॉर्न फिजिक्सवाला (PhysicsWallah) अपनी आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) की तैयारी कर रहा है। कंपनी ने हाल ही में तीन स्वतंत्र निदेशकों की नियुक्ति की है और रिपोर्ट्स के मुताबिक, आगामी लिस्टिंग में $5 बिलियन के मूल्यांकन पर $500 मिलियन जुटाने की योजना बना रही है।
इस बीच, खबरें हैं कि अलख पांडेय के नेतृत्व वाली यह कंपनी दृष्टि आईएएस (Drishti IAS) का अधिग्रहण करने की योजना बना रही है। लगभग 2500 करोड़ में यह सौदा हो सकता है, यदि ऐसा होता है, तो यह यूपीएससी और राज्य सेवा परीक्षाओं की कोचिंग के क्षेत्र में फिजिक्सवाला की बड़ी एंट्री होगी। कंपनी ऑफलाइन एजुकेशन में भी विस्तार कर रही है और FY25 तक ₹1,000 करोड़ की ऑफलाइन कमाई का लक्ष्य लेकर चल रही है।
26 साल पुरानी कोचिंग संस्थान दृष्टि आईएएस, जिसकी स्थापना विकास दिव्यकीर्ति ने की थी, ने FY24 में ₹405 करोड़ का राजस्व और ₹90 करोड़ का लाभ दर्ज किया। हालांकि, दृष्टि आईएएस के सीईओ विवेक तिवारी ने अधिग्रहण की खबरों को अफवाह बताते हुए खारिज कर दिया।
