मैनपुरी, सितंबर 21 (TNA) अजीतगंज–दिवनपुर मार्ग पर सोमवार को दिनदहाड़े बाइक सवार तीन हमलावरों ने 52 वर्षीय सरकारी शिक्षक यशपाल को गोली मार दी। शिक्षक उस्मानपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे। हमलावरों ने उन्हें रोककर दो गोलियां मारीं, जिसमें एक गोली पेट में लगी।
गंभीर हालत में शिक्षक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एएसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने बताया कि हमलावरों की पहचान शिक्षक के एक साथी द्वारा किए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही गई है।
वहीं, मृतक के परिजनों ने पारिवारिक रंजिश के चलते हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस हत्या के कारणों और वारदात में शामिल आरोपियों को लेकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है।