Skip to Content

Woman's chain snatched in Mainpuri after being cornered in the street; incident captured on CCTV

गली में घेरकर महिला की चेन लूटी, वारदात CCTV में कैद; वीडियो हुआ वायरल, तीन नकाबपोश बदमाश फरार
7 अक्तूबर 2026 द्वारा
thenewsagency


मैनपुरी, अक्टूबर 7 (TNA) कोतवाली क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस में खलबली मच गई। भदावर हाउस के पास काले रंग की पल्सर पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने पैदल घर जा रही महिला के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली और करहल चौराहे की ओर फरार हो गए। घटना के दौरान महिला सड़क पर गिर पड़ी।

जानकारी के अनुसार शहर की टीचर्स कॉलोनी निवासी जय कुमार तोमर की पत्नी रेनू तोमर आवास विकास कॉलोनी स्थित मायके से ई-रिक्शा द्वारा घर लौट रही थीं। रेलवे स्टेशन रोड पर भदावर हाउस के पास उतरने के बाद वह गली से पैदल घर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पल्सर सवार तीन बदमाश उनके पास पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली।

अचानक हुई वारदात में रेनू जमीन पर गिर पड़ीं। उन्होंने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आरोपी तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।

सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। महिला की तहरीर पर पुलिस ने पल्सर सवार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। वारदात का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

-- मनीष मिश्रा

में Vernacular
इस पोस्ट को साझा करें
टैग्स 


संग्रहित करें