Skip to Content

Three-month-old raped in Mainpuri, rushed to hospital in serious condition, accused arrested

मैनपुरी में तीन माह की बच्ची से दुष्कर्म कर दरिंदगी का आरोप, हालत बिगड़ने पर सैफई रेफर, आरोपी गिरफ्तार
3 सितंबर 2026 द्वारा
thenewsagency


मैनपुरी, सितंबर 3 (TNA) जनपद के बेवर थाना क्षेत्र के एक गांव में तीन माह की बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने का जघन्य सनसनीखेज मामला सामने आया है। बच्ची के पिता ने गांव के ही एक व्यक्ति पर बच्ची को बहाने से घर के पीछे ले जाकर उसके साथ गलत काम करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए जिला महिला अस्पताल लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

पीड़ित बच्ची के पिता के अनुसार, घटना के समय वह घर पर मौजूद थे। आरोप है कि गांव का एक व्यक्ति उनके खेत में खाद डालने के बाद उनके घर आया। इसी दौरान उसने उनकी करीब तीन माह की बच्ची को खिलाने के बहाने अपने साथ मकान के पीछे ले गया। कुछ देर बाद वह बच्ची को वापस लेकर आया। बच्ची लगातार रो रही थी और शांत नहीं हो रही थी।

परिजनों ने बच्ची को संभालने का प्रयास किया तो उसकी हालत देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद परिजन उसे स्थानीय चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सक ने उसे उच्च चिकित्सा केंद्र ले जाने की सलाह दी।

बच्ची की हालत में सुधार नहीं होने पर परिजनों ने रात में पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से बच्ची को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवर और फिर जिला महिला अस्पताल मैनपुरी ले जाया गया। यहां से चिकित्सकों ने बच्ची को बेहतर उपचार के लिए सैफई रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है। बच्ची के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। चिकित्सकीय परीक्षण और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

-- मनीष मिश्रा

में Vernacular
इस पोस्ट को साझा करें
टैग्स 


संग्रहित करें