Skip to Content

Sisters turn up in larger numbers at Mainpuri prison on Bhaiyya Dooj

भैया दूज पर मैनपुरी जिला कारागार में उमड़ी बहनों की भीड़, भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर मांगी लंबी उम्र की दुआ
11 नवंबर 2026 द्वारा
thenewsagency


मैनपुरी, नवंबर १२ (TNA) दीपावली के दूसरे दिन मनाया जाने वाला भैया दूज का पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक माना जाता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर रोली और चंदन का तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। मान्यता है कि भैया दूज के दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे थे। यमुना ने उनका तिलक कर स्वागत-सत्कार किया था। 

इससे प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान मांगने को कहा। यमुना ने वरदान मांगा कि इस दिन जो बहन अपने भाई का तिलक करे, उसके भाई को दीर्घायु और सुख-समृद्धि प्राप्त हो। तभी से भैया दूज मनाने की परंपरा चली आ रही है।

इसी परंपरा और भाई-बहन के अटूट प्रेम की झलक मैनपुरी जिला कारागार में भी देखने को मिली। भैया दूज के अवसर पर जेल में बंद अपने भाइयों से मिलने के लिए बड़ी संख्या में बहनें जिला कारागार पहुंचीं। किसी के हाथों में मिठाई के डिब्बे थे, तो कोई नारियल और गरी के गोले लेकर पहुंची थी। 

बहनों के चेहरों पर भाइयों से मिलने की खुशी साफ दिखाई दे रही थी। जेल के बाहर बहनों की भीड़ उमड़ी रही। बहनों ने अपने भाइयों से मुलाकात कर उनके माथे पर तिलक लगाया और उनकी लंबी उम्र की कामना की। इस दौरान कई भावुक कर देने वाले दृश्य भी देखने को मिले।

बंदियों और उनके परिजनों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए जेल प्रशासन की ओर से विशेष मुलाकात व्यवस्था की गई थी। मुलाकातियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए कारागार के बाहर टेंट, कुर्सियों और जलपान की व्यवस्था की गई। वहीं जेल के अंदर मुलाकात स्थल पर भी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के इंतजाम किए गए थे।

जिला कारागार के जेल अधीक्षक शशांक पांडेय ने जनपदवासियों को भैया दूज की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई थी, जिसे मौके पर तैनात किया गया। उन्होंने बताया कि दोपहर तीन बजे तक करीब 500 बंदियों के परिजन मुलाकात के लिए कारागार पहुंच चुके थे। जेल प्रशासन की ओर से पर्व के दौरान व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी गई, ताकि बहनों और अन्य परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

-- मनीष मिश्रा

में Vernacular
इस पोस्ट को साझा करें
टैग्स 


संग्रहित करें