Skip to Content

Public Awareness event organised in Lucknow on World Diabetes Day

विश्व मधुमेह दिवस पर लखनऊ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विशेषज्ञों ने शुरुआती पहचान और जीवनशैली में बदलाव पर दिया जोर.
23 नवंबर 2026 द्वारा
thenewsagency


लखनऊ, नवंबर 24 (TNA) विश्व मधुमेह दिवस 2026 के अवसर पर लखनऊ के एक होटल में मरीज जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। UPISBMR एवं Happy Heart Foundation के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मधुमेह की रोकथाम, समय पर पहचान, उपचार और संतुलित जीवनशैली के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम का उद्देश्य मधुमेह के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और लोगों को इस बीमारी की गंभीरता के प्रति सचेत करना था।

कार्यक्रम में डॉ. सुशील गुप्ता, प्रिंसिपल डायरेक्टर एवं हेड, एंडोक्राइनोलॉजी एवं डायबिटीज, मैक्स हेल्थकेयर तथा एसजीपीजीआईएमएस के पूर्व विभागाध्यक्ष ने कहा कि 40 वर्ष से अधिक आयु के बड़ी संख्या में लोगों को यह जानकारी ही नहीं है कि वे मधुमेह से पीड़ित हैं।

देश में लगभग 15 से 20 करोड़ लोग प्री-डायबिटीज की स्थिति में हैं, जबकि 20 से 40 करोड़ लोग मधुमेह से प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि समय रहते बीमारी की पहचान हो जाए तो इसे शुरुआती अवस्था में ही नियंत्रित किया जा सकता है। वजन कम करने, नियमित व्यायाम और खानपान में सुधार पर विशेष ध्यान देना चाहिए। जहां तक संभव हो, जीवनशैली में बदलाव के माध्यम से वजन कम करने का प्रयास करना चाहिए।

डॉ. नकुल सिन्हा, चेयरमैन, कार्डियोलॉजी, मैक्स हेल्थकेयर ने कहा कि मधुमेह के मामले में बचाव ही सबसे प्रभावी उपाय है। यह एक ऐसी बीमारी है, जो दोबारा भी हो सकती है। जागरूकता के अभाव में लोग समय पर जांच नहीं कराते। मधुमेह अकेले नहीं आता, बल्कि अपने साथ हृदय, किडनी और अन्य कई बीमारियों का खतरा भी लेकर आता है। इसलिए इसे साइलेंट किलर कहा जाता है।

डॉ. अजय शुक्ला ने बताया कि चिकित्सा विज्ञान में नई तकनीक और उपकरण विकसित हो रहे हैं, जिनकी मदद से व्यक्ति पूरे सप्ताह अपने रक्त में शुगर के घटते-बढ़ते स्तर की निगरानी कर सकता है। इससे बीमारी को बेहतर ढंग से समझने और नियंत्रित करने में मदद मिलती है।

डॉ. चंदा मलिक ने खानपान के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि मधुमेह के मरीजों को क्या खाना चाहिए और किन चीजों से परहेज करना चाहिए। उन्होंने छिलके वाली दालों के सेवन को बढ़ावा देने की सलाह दी।

डॉ. ज्योति ने कहा कि हम अपने स्वास्थ्य के प्रति उतने गंभीर नहीं हैं, जितने अन्य विषयों को लेकर हैं। अस्पतालों में मरीजों की भीड़ के बावजूद स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का अभाव चिंताजनक है। स्वस्थ शरीर ही तनावमुक्त जीवन का आधार है।

कार्यक्रम में उपस्थित मरीजों और उनके परिजनों को मधुमेह के लक्षणों, जोखिम कारकों, नियमित जांच, संतुलित आहार और शारीरिक सक्रियता के महत्व की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने एक स्वर में कहा कि सही समय पर जांच, जागरूकता और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव अपनाकर मधुमेह से होने वाली जटिलताओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।

में Vernacular
इस पोस्ट को साझा करें
टैग्स 


संग्रहित करें