Skip to Content

One killed, five critically injured as bikes ram into each other in Mainpuri

बेवर-फर्रुखाबाद मार्ग पर दो बाइकों की भीषण भिड़ंत: एक युवक की मौत, पांच गंभीर, नीब करोरी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे
10 नवंबर 2026 द्वारा
thenewsagency


मैनपुरी, नवंबर 10 (TNA) बेवर थाना क्षेत्र में बेवर-फर्रुखाबाद मार्ग पर दहेड़ मोड़ के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में 19 वर्षीय एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच अन्य की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, बिछवां थाना क्षेत्र के ग्राम जसरऊ निवासी दीपक, अंकुश पुत्रगण इंदल सिंह और अतुल पुत्र राजू एक बाइक से नीम करोरी मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद तीनों अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बेवर-फर्रुखाबाद मार्ग पर दहेड़ मोड़ के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।

दूसरी बाइक पर फर्रुखाबाद जनपद के थाना मेरापुर क्षेत्र के गांव गुराऊ, सादी नगर निवासी जीतू पुत्र मनोज, अभिषेक उर्फ केशव पुत्र शिवनंदन और कृष्णा पुत्र अवधेश उर्फ पप्पू सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी छह युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने कृष्णा (19) को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, अन्य पांच घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

एंबुलेंस न मिलने पर निजी वाहन से ले गए घायल

हादसे के बाद स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था पर भी सवाल उठे। बताया गया कि घायल जीतू और केशव के परिजन करीब एक घंटे बाद सीएचसी पहुंचे। एंबुलेंस उपलब्ध न होने के कारण परिजनों को दोनों घायलों को निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाना पड़ा।

सीओ ने दी हादसे की जानकारी

क्षेत्राधिकारी भोगांव रामकृष्ण द्विवेदी ने बताया कि दहेड़ मोड़ के पास दोपहर करीब तीन बजे दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हुई थी। दोनों बाइकों पर तीन-तीन युवक सवार थे। हादसे में छह लोग घायल हुए, जिनमें कृष्णा की उपचार के दौरान मौत हो गई। शेष पांच घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। तहरीर अथवा औपचारिक सूचना मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

-- मनीष मिश्रा



में Vernacular
इस पोस्ट को साझा करें
टैग्स 


संग्रहित करें