Skip to Content

National Lok Adalat: A major platform for justice, emphasizing the resolution of cases through conciliation and settlement.

राष्ट्रीय लोक अदालत में न्याय का बड़ा मंच, सुलह-समझौते से मामलों के निस्तारण पर जोर
13 सितंबर 2026 द्वारा
thenewsagency


मैनपुरी, सितंबर 13 (TNA) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायिक अधिकारियों से लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारी और आमजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष रूपेश रंजन ने किया। इस दौरान न्यायालय परिसर में आमजन एवं न्यायिक अधिकारियों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के लिए कोर्ट केयर क्लीनिक की भी शुरुआत की गई।

जनपद न्यायाधीश रूपेश रंजन ने लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित निस्तारण कराने पर जोर दिया। उन्होंने विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों से लंबित वादों की जानकारी लेते हुए पूछा कि कितने मामलों का निस्तारण किया गया है और कितने मामलों को आपसी सहमति से निपटाया जा सकता है।

राष्ट्रीय लोक अदालत में जिला प्रशासन, पुलिस, बैंक, शिक्षा, वन, कौशल विकास सहित विभिन्न विभागों ने अपनी-अपनी प्रदर्शनी लगाकर योजनाओं और कार्यों की जानकारी दी। वन विभाग की प्रदर्शनी में तारकसी, सोनापत्ती और वन उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। जिला कारागार एवं कौशल विकास विभाग की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी को भी लोगों ने सराहा।

कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने आधुनिक शिक्षा के तकनीकी उपकरणों, कलात्मक वस्तुओं और अन्य गतिविधियों का प्रदर्शन किया। जनपद न्यायाधीश ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं, मुख्य चिकित्साधिकारी की ओर से मेडिकल कैंप आयोजित कर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नूतन चौहान ने आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व की जानकारी देते हुए अपील की कि अधिक से अधिक लोग अपने विवादों को सुलह-समझौते के जरिए समाप्त कर त्वरित और सुलभ न्याय का लाभ उठाएं।

कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय देवराज प्रसाद सिंह, उपभोक्ता फोरम अध्यक्ष शाम कुमार सहित विभिन्न न्यायिक अधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद रहे।

में Vernacular
इस पोस्ट को साझा करें
टैग्स 


संग्रहित करें