मैनपुरी, अक्टूबर 15 (TNA) शहर के व्यस्त क्रिश्चियन तिराहे पर गुरुवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। यहां एक मार्केट में स्थित लहंगा-चुन्नी के तीन शोरूम आग की चपेट में आ गए। आग इतनी विकराल थी कि भूतल से लेकर प्रथम, द्वितीय और तृतीय तल पर बने गोदामों तक फैल गई। हादसे में व्यापारियों का करोड़ों रुपये का सामान जलकर नष्ट होने की आशंका जताई जा रही है। आग बुझाने के लिए जनपद के साथ पड़ोसी जनपदों से भी दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। करीब आठ दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार, क्रिश्चियन तिराहे पर स्थित एक मार्केट की इमारत में सिक्का कलेक्शन, श्री कुंज साड़ी सेंटर, लहंगा चुन्नी हब समेत कपड़ों के अन्य शोरूम संचालित हैं। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, रात करीब 11:45 बजे लहंगा-चुन्नी के एक शोरूम में शॉर्ट सर्किट के बाद तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इसके तुरंत बाद दुकान के अंदर से आग की तेज लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने आसपास के शोरूम को भी अपनी चपेट में ले लिया। इमारत की ऊपरी मंजिलों पर बने गोदामों तक आग पहुंचने से नुकसान और बढ़ने की आशंका है।
आग की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शोरूम के शटर नहीं खुलने के कारण आग बुझाने में परेशानी आई, जिसके बाद जेसीबी की मदद से शटर तोड़कर अंदर तक पहुंचने का प्रयास किया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया। जनपद के साथ पड़ोसी जनपदों से भी दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। इस घटना में कपड़ों के तीन शोरूम जल गए हैं। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
-- मनीष मिश्रा