लखनऊ, सितंबर 9 (TNA) काकोरी थाना क्षेत्र स्थित वरुण विहार योजना में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों के बीच पेड़ों की कटाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। भारी-भरकम पेड़ गिरने से उसके नीचे दबकर अनूप कुमार निवासी शाहपुर, काकोरी की मौत हो गई। अनूप कुमार मजदूरी का काम करता था।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम की तैयारियों के लिए क्षेत्र में पेड़ों की कटाई का काम चल रहा था। इसी दौरान एक विशाल पेड़ अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से मजदूर अनूप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई ने पेड़ कटान में लगे ठेकेदारों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि नियमों की अनदेखी करते हुए पेड़ों की कटाई कराई जा रही थी और मजदूरों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। वहीं, इस मामले में पेड़ कटान से जुड़े ठेकेदारों और लकड़ी कटान में शामिल लोगों की भूमिका जांच के दायरे में आ गई है। सूत्रों के मुताबिक, जांच आगे बढ़ने पर काकोरी क्षेत्र में पेड़ कटान से जुड़े कुछ लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।
हादसे के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि वरुण विहार योजना में पेड़ों की कटाई किसके आदेश पर और किन नियमों के तहत कराई जा रही थी? मामले में पुलिस और संबंधित विभाग की जांच के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।