मैनपुरी, अक्टूबर 22 (TNA) स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर से मतदान सामग्री उपलब्ध कराकर 25 पोलिंग पार्टियों को निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि जिले में स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए 12 मतदान केंद्रों पर कुल 25 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। सभी बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना की गई हैं। व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। मतदान कर्मियों को बैलेट बॉक्स, मतपत्र और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध करा दी गई है। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को सुरक्षित वापस लाया जाएगा और फिर 5 से 6 बसों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था के बीच आगरा मंडी भेजा जाएगा।
पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाह ने बताया कि जिले के 10 थाना क्षेत्रों में स्थित 12 मतदान केंद्रों और 25 बूथों पर मतदान संपन्न कराया जाएगा। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को छह जोन में विभाजित किया गया है, जिनमें क्षेत्राधिकारी स्तर के पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों की ब्रीफिंग पहले ही की जा चुकी है। प्रत्येक पोलिंग पार्टी के साथ पर्याप्त पुलिस बल भेजा गया है, जबकि सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
मतदान के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने मतदान से लेकर मतपेटियों को सुरक्षित आगरा पहुंचाने तक सभी व्यवस्थाओं को लेकर सतर्कता बरतने की तैयारी की है।
-- मनीष मिश्रा