मैनपुरी, सितंबर 8 (TNA) थाना दन्नाहार क्षेत्र में ग्राम हुमायूंपुर के पास LPG से भरा एक गैस टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। टैंकर के पलटते ही उसमें से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया और मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। बताया जा रहा है कि गैस टैंकर मथुरा रिफाइनरी से नेपाल जा रहा था।
गैस रिसाव को देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर संबंधित मार्ग पर यातायात को रोककर रूट डायवर्ट कर दिया। पुलिस की ओर से लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी गई। प्रशासन की प्राथमिकता गैस के रिसाव को पूरी तरह खत्म कराकर किसी भी संभावित खतरे को टालना है।
टैंकर से लगातार हो रहे गैस रिसाव के चलते आसपास के क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। गैस का पूरा रिसाव समाप्त होने तक मार्ग पर यातायात व्यवस्था में बदलाव जारी रखने का निर्णय लिया गया है। हादसे के कारण मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल पुलिस-प्रशासन की निगरानी में स्थिति को नियंत्रित करने की कवायद जारी है।
मामले को लेकर प्रभारी निरीक्षक थाना दन्नाहार द्वारा बताया गया की रात 12:00 के लगभग मथुरा रिफाइनरी से से नेपाल लगभग 17 टन एलपीजी गैस को ले जा रहा टैंकर चालक को नींद आ जाने की वजह से पलट गया है। टैंकर में गैस ज्यादा मात्रा में होने के कारण गैस का रिसाव अभी भी हो रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से इंतजाम किए जा रहे हैं।
-- मनीष मिश्रा