Skip to Content

Launch of Mission Shakti Phase 6.0 in Mainpuri; DM and SP flag off awareness rally

महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के प्रति लोगों को किया जाएगा जागरूक, थानों से लेकर शिक्षण संस्थानों तक चलेगा अभियान
12 अक्तूबर 2026 द्वारा
thenewsagency


मैनपुरी, अक्टूबर 12 (TNA) महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण को लेकर जनपद में मिशन शक्ति फेज-6.0 का शुभारंभ किया गया। सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने महिला पुलिसकर्मियों एवं छात्राओं की जागरूकता पैदल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर अरुण कुमार सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके लिए जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण एवं शहरी इलाकों में जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी जाएगी। साथ ही छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और साइबर अपराध जैसी घटनाओं की स्थिति में बिना डर पुलिस से मदद लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा के निर्देशन में सभी थाना प्रभारियों और मिशन शक्ति टीमों को महिलाओं की शिकायतों को प्राथमिकता से सुनने और उन पर त्वरित विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। सार्वजनिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिला सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर भी जोर दिया जा रहा है।

मिशन शक्ति फेज-6.0 का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा प्रदान करने के साथ उनमें आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। मैनपुरी पुलिस ने आमजन से महिला सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने में सहयोग करने और किसी भी उत्पीड़न की घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

-- मनीष मिश्रा

में Vernacular
इस पोस्ट को साझा करें
टैग्स 


संग्रहित करें