Skip to Content

Husband kills wife, three daughters in Jaipur, flees crime scene

जयपुर में पत्नी सहित तीन बेटियों की हत्या, आरोपी पति मौके से फरार
11 सितंबर 2026 द्वारा
thenewsagency


जयपुर, सितंबर 11 (TNA) राजधानी जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और तीन बेटियों की पत्थर से वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी शुक्रवार सुबह अपने पिता को चाय पिलाकर घर से फरार हो गया। घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब पिता ने घर के कमरों में खून से लथपथ शव देखे।

डीसीपी पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि गोविंद वाटिका इलाके में राहुल झा पर अपनी पत्नी गीता झा (40), बेटी नंदनी (22), राधिका (17) और गिरीश उर्फ गौरी (14) की हत्या करने का आरोप है। गीता का शव मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में, जबकि तीनों बेटियों के शव ग्राउंड फ्लोर के दो अलग-अलग कमरों में मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को रात में सोते समय अंजाम दिए जाने की आशंका है।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने शुक्रवार सुबह करीब सात बजे दूध वाले से दूध लिया। इसके बाद उसने अपने पिता लक्ष्मीनाथ झा के लिए चाय बनाई और उन्हें चाय पिलाई। तैयार होने के बाद वह घर से निकल गया और इसके बाद वापस नहीं लौटा। पिता ने कमरों में खून देखा तो पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। बताया गया कि राहुल झा शेयर ट्रेडिंग का काम करता था, जबकि उसकी पत्नी गीता मकान की पहली मंजिल पर बुटीक चलाती थी।

तीनों बेटियां पढ़ाई कर रही थीं। नंदनी पढ़ाई के साथ निजी नौकरी भी करती थी। राहुल करीब तीन दिन पहले ही गुजरात से जयपुर लौटा था। घटना की जानकारी मिलने पर रिश्तेदार और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस हत्या के कारणों के साथ ही वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


में Vernacular
इस पोस्ट को साझा करें
टैग्स 


संग्रहित करें