Skip to Content

Furore over suspicious death of nursing student in Mainpuri; family refuses to conduct last rites

मैनपुरी में नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध मौत पर बवाल, अंतिम संस्कार से परिजनों का इनकार; गांव में भारी पुलिस बल तैनात
30 अक्तूबर 2026 द्वारा
thenewsagency


मैनपुरी, अक्टूबर 30 (TNA) थाना औंछा क्षेत्र के ग्राम मदन निवासी नर्सिंग छात्रा प्रीति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। छात्रा की मौत से आक्रोशित परिजनों ने कॉलेज के प्रधानाचार्य के बेटे पर हत्या का आरोप लगाते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग पर अड़े हैं। स्थिति को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। औंछा थाना प्रभारी चंद्रपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं और परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

मृतका के भाई रोहित कठेरिया की तहरीर के अनुसार, फिरोजाबाद के निजी नर्सिंग कॉलेज में जीएनएम प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही प्रीति पर कॉलेज के प्रधानाचार्य के बेटे यश दक्ष द्वारा कथित रूप से गलत संबंध बनाने का दबाव बनाया जा रहा था। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी जाती थी। भाई का आरोप है कि इस संबंध में कॉलेज के प्रधानाचार्य सुरेंद्र दक्ष से भी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

परिजनों ने आरोप लगाया कि 27 अक्टूबर की रात यश दक्ष ने प्रीति को हॉस्टल से बाहर बुलाया। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। विरोध करने पर प्रधानाचार्य और उनके बेटे ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। आरोप है कि घटना को छिपाने के लिए शव रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया गया। हालांकि, परिजनों के इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

28 अक्टूबर की सुबह कॉलेज की ओर से परिजनों को फोन कर प्रीति की मौत की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के लोग कॉलेज पहुंचे, लेकिन वहां उन्हें बेटी का शव नहीं मिला। बाद में जानकारी हुई कि शव फिरोजाबाद के पोस्टमार्टम गृह में रखा गया है। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।


परिजनों की तहरीर पर फिरोजाबाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव गांव पहुंचा तो परिवार ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती और उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे बेटी का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए औंछा थाना प्रभारी चंद्रपाल सिंह पुलिस बल के साथ गांव में मौजूद हैं। पुलिस अधिकारी परिजनों को समझाने और स्थिति सामान्य कराने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, परिजन अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।

फिलहाल नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला गंभीर बना हुआ है। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

-- मनीष मिश्रा

में Vernacular
इस पोस्ट को साझा करें
टैग्स 


संग्रहित करें