Skip to Content

Allegations of an illegal wall and a funeral pyre on the public road in front of the school; villagers complain to the District Magistrate

स्कूल के सामने सरकारी रास्ते पर अवैध दीवार और चिता जलाने का आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से की शिकायत
14 सितंबर 2026 द्वारा
thenewsagency


मैनपुरी/भोगांव, सितंबर 14 (TNA)  भोगांव कस्बे के मोहल्ला प्रेमचिरैया में काजी समी अब्बासी मेमोरियल पब्लिक स्कूल के सामने सरकारी रास्ते पर कथित अवैध कब्जे और चिता जलाए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल के सामने स्थित गाटा संख्या 381, क्षेत्रफल 0.178 हेक्टेयर राजस्व अभिलेखों में आम रास्ते के रूप में दर्ज है। आरोप है कि कुछ लोगों ने रास्ते पर पक्की दीवार खड़ी कर आमजन का आवागमन बाधित कर दिया है। ग्रामीणों का दावा है कि संबंधित राजस्व अभिलेखों में यह भूमि श्मशान घाट के रूप में दर्ज नहीं है।

जांच के बाद भी दीवार न हटाने का आरोप

शिकायत में ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले की शिकायत पूर्व में मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल और डीएम आईजीआरएस के माध्यम से की गई थी। आरोप है कि राजस्व टीम की जांच में भूमि को रास्ता माना गया और अवैध दीवार हटाने के निर्देश भी दिए गए, लेकिन इसके बावजूद निर्माण नहीं हटाया गया।

स्कूल के सामने दो दिनों में दो चिताएं जलाने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि तहसील भोगांव में राजस्व संहिता-2006 की धारा 67 के तहत मामला विचाराधीन होने के बावजूद स्कूल के सामने लगातार दो दिनों में दो चिताएं जलाई गईं। इससे स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों और आसपास के लोगों में भय का माहौल पैदा होने की बात कही गई है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले का स्वतः संज्ञान लेकर सरकारी रास्ते पर बनी कथित अवैध दीवार को तत्काल हटवाने तथा सरकारी आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशासनिक जांच और संबंधित पक्षों के बयान के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

-- मनीष मिश्रा 


में Vernacular
इस पोस्ट को साझा करें
टैग्स 


संग्रहित करें