महाराजगंज, अगस्त 28 (TNA) नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद भारत के तराई क्षेत्रों में भी बाढ़ का खतरा बना हुआ है। इसे देखते हुए महराजगंज जिला प्रशासन ने नारायणी नदी के तटीय इलाकों में सुरक्षा और राहत-बचाव टीमों को तैनात कर दिया है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने वाल्मीकिनगर बैराज और संवेदनशील सोहगीबरवा क्षेत्र का दौरा किया।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के निर्देश दिए। फिलहाल नारायणी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से काफी नीचे है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। नेपाल की बाढ़ का मलबा अब गंडक नदी में दिखाई दे रहा है। एसएसबी की रेस्क्यू टीम ने अब तक तीन महिलाओं समेत चार शव बरामद किए हैं। सोहगीबरवा के ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ की आशंका से वे पूरी रात चिंतित रहे। प्रशासन और राहत टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।