मैनपुरी, अगस्त 29 (TNA) थाना कोतवाली क्षेत्र के नुमाइश के पास स्थित अटल चौक पर ड्यूटी के दौरान एक ट्रैफिक कांस्टेबल के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक रोकने के प्रयास के बाद हुए विवाद में बाइक सवार युवक और उसके परिजनों ने ट्रैफिक सिपाही के साथ मारपीट की। मारपीट में सिपाही की वर्दी फट गई और उसे चोटें भी आई हैं।
बताया जा रहा है कि अटल चौक पर ट्रैफिक कांस्टेबल यदुवेंद्र कुमार की ड्यूटी लगी थी। इसी दौरान उन्होंने एक बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बाइक सवार नहीं रुका। बताया गया कि बाइक सवार पीयूष यादव, थाना क्षेत्र के ही ग्वालटोली गांव का रहने वाला है। कुछ दूरी पर जाकर वह एक परचून की दुकान के पास रुक गया।
आरोप है कि कांस्टेबल यदुवेंद्र भी उसके पीछे पहुंचे। वहाँ दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। मारपीट में कांस्टेबल की वर्दी फट गई और उसके शरीर पर चोटें आईं। वहीं बाइक सवार युवक के शरीर पर भी चोट के निशान बताए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने पर युवक के पिता गजराज यादव और भाई विवेक यादव भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद मौके पर स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलने पर थाना कोतवाली की सिविल लाइन चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।
चौकी प्रभारी दिनेश कुमार ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने ट्रैफिक सिपाही की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मामले में किसी उच्चाधिकारी की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
-- मनीष मिश्रा