मैनपुरी, नवंबर 2 (TNA) जनपद के घिरोर कस्बे में एक महिला को जंजीर से बांधकर रखने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से मामला चर्चा में आ गया। महिला को बंधक बनाए जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद उसे जंजीर से मुक्त कराया।
मामला घिरोर के ताहरपुर रोड स्थित नगला किसी का है। यहां रहने वाले सचिन की शादी करीब सात माह पहले लाली के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। शनिवार की रात दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। उसे ऐसा करने से रोकने के लिए पति ने जंजीर से बांध दिया और उसके मायके पक्ष को सूचना दी।
रविवार को मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को जंजीर से मुक्त कराया। बाद में महिला अपने परिजनों के साथ चली गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
एसपी सिटी ने बताया पूरा मामला
एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस की जांच में पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है। महिला ने गुस्से में आकर फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था। उसे बचाने के लिए पति ने जंजीर से बांध दिया और तत्काल उसके मायके वालों को सूचना दी। मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और बातचीत के बाद महिला अपने परिजनों के साथ उन्नाव चली गई।
एसपी सिटी ने बताया कि अभी तक पुलिस को इस मामले में कोई लिखित तहरीर या शिकायत नहीं मिली है। परिजनों ने आगे की कानूनी कार्रवाई उन्नाव से करने की बात कही है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-- मनीष मिश्रा