मैनपुरी, सितंबर 2 (TNA) जिले में तैनात CO सिटी अशोक कुमार सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में CO सिटी कुछ लोगों से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान वीडियो बनाए जाने को लेकर नाराजगी जताते हुए वह अपनी नेम प्लेट की ओर इशारा करते हैं और वीडियो बनाने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। इसके बाद वह समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का नाम लेते हुए नजर आते हैं।
वायरल वीडियो में अधिकारी को यह कहते हुए सुना जा सकता है-“बना लो वीडियो... वायरल कर देना... अखिलेश यादव को दे देना।” इसी दौरान वह अपनी मूंछों पर ताव देते हुए भी दिखाई देते हैं। अधिकारी का यह अंदाज कैमरे में कैद होने के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
पोस्टमार्टम हाउस के बाहर का बताया जा रहा वीडियो
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, वायरल वीडियो मैनपुरी के पोस्टमार्टम हाउस के बाहर का बताया जा रहा है। यह घटनाक्रम एलाऊ थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना के बाद का बताया गया है। रविवार रात संतोष नगर गांव में शराब के ठेके के सामने हमलावरों ने एक ट्रक को रोककर फायरिंग की थी। घटना में ट्रक के कंडक्टर की गोली लगने से मौत हो गई थी, जबकि चालक घायल हुआ था। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने के बाद CO सिटी सहित पुलिस अधिकारी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे थे।
रिपोर्टों के अनुसार, पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक के परिजनों से बातचीत के दौरान कुछ लोग वीडियो बनाने लगे। इसी को लेकर कहासुनी होने की बात सामने आई है। इसी दौरान CO सिटी ने वीडियो बनाने पर नाराजगी जताई और वायरल वीडियो में अखिलेश यादव का नाम लेते हुए टिप्पणी की। हालांकि, वायरल वीडियो से पहले क्या बातचीत हुई थी और विवाद की पूरी वजह क्या थी, यह स्पष्ट नहीं है।
-- मनीष मिश्रा