Skip to Content

Travel in UP to become easier during Navratri and Diwali; ‘Bharat Taxi’ to operate in 12 more cities, with bike and auto services also available

नवरात्रि-दिवाली पर यूपी में सफर होगा आसान, 12 और शहरों में दौड़ेगी ‘भारत टैक्सी’, बाइक-ऑटो भी मिलेंगे
4 October 2026 by
thenewsagency


लखनऊ, अक्टूबर 3 (TNA) नवरात्र में मंदिर जाने की तैयारी हो, दिवाली पर बाजारों की भीड़ में खरीदारी करनी हो या फिर रेलवे स्टेशन और बस अड्डे तक पहुंचना हो—उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में सफर का एक और विकल्प मिलने जा रहा है। लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर के बाद अब ‘भारत टैक्सी’ छोटे शहरों की ओर अपने पहिए बढ़ा रही है। 

अगले एक माह में प्रदेश के 12 और शहरों को इस ऐप-आधारित परिवहन नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी है।त्योहारों के मौसम में यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए नए शहरों में ड्राइवरों और वाहनों की ऑनबोर्डिंग तेज कर दी गई है। अयोध्या, आगरा और मेरठ में नवरात्र से पहले सेवा शुरू करने की तैयारी है। इसके बाद दूसरे शहरों में भी नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा।

अयोध्या से आगरा तक त्योहारों में मिलेगा नया सफर विकल्प

नवरात्र और दिवाली के दौरान धार्मिक स्थलों, बाजारों, रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। अयोध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जबकि आगरा में देश-विदेश से पर्यटकों का आवागमन रहता है। ऐसे में इन शहरों को भारत टैक्सी के नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।वाराणसी और प्रयागराज जैसे प्रमुख शहरों में सेवा शुरू होने के बाद अब धार्मिक और पर्यटन महत्व वाले अन्य शहरों को भी नेटवर्क में शामिल करने पर जोर है।

मथुरा से मिर्जापुर तक बढ़ेगा नेटवर्क

अगले चरण में मथुरा, फिरोजाबाद, मुजफ्फरनगर, हापुड़, सीतापुर, हाथरस, इटावा, मिर्जापुर और रायबरेली में भी भारत टैक्सी पहुंचाने की तैयारी है। इन शहरों में स्थानीय ड्राइवरों और वाहनों को प्लेटफॉर्म से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 

योजना के मुताबिक करीब एक माह के भीतर इन शहरों में भी सेवा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इससे ऐप आधारित स्थानीय परिवहन की सुविधा केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि छोटे शहरों तक भी पहुंच सकेगी।

अब सिर्फ कार नहीं, बाइक और ऑटो भी कर सकेंगे सवारी

भारत टैक्सी के विस्तार की खास बात यह है कि नेटवर्क में सिर्फ कार चालकों को ही नहीं, बल्कि टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर चालकों को भी शामिल किया जा रहा है।इससे छोटी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के सामने बाइक और ऑटो जैसे विकल्प भी उपलब्ध होंगे। साथ ही स्थानीय स्तर पर टैक्सी, ऑटो और बाइक चलाने वाले युवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिये यात्रियों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

50 हजार से ज्यादा चालक पहले ही जुड़े

उत्तर प्रदेश में भारत टैक्सी के नेटवर्क से 50 हजार से अधिक चालक जुड़ चुके हैं। नए शहरों में ग्राउंड ऑनबोर्डिंग शुरू होने के साथ चालकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है।शहरों का विस्तार करने के साथ स्थानीय वाहन चालकों को नेटवर्क से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि सेवा शुरू होने के साथ ही पर्याप्त संख्या में वाहन यात्रियों को उपलब्ध हो सकें।

त्योहारों की भीड़ से पहले तैयारी तेज

सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने बताया कि अक्टूबर में नवरात्र और उसके बाद दिवाली के दौरान बाजारों, धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर यात्रियों का दबाव बढ़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए नए शहरों में नेटवर्क तैयार करने की प्रक्रिया तेज की गई है।पहले चरण में पांच प्रमुख शहरों में मौजूदगी के बाद अब भारत टैक्सी को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों तक ले जाने की तैयारी है। अगले एक माह में 12 और शहरों को जोड़ने की योजना है।

कहां-कहां पहुंचेगी भारत टैक्सी?

अभी सेवा: लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, कानपुर और प्रयागराज

नवरात्रि से पहले तैयारी: अयोध्या, आगरा और मेरठ

अगले चरण में: मथुरा, फिरोजाबाद, मुजफ्फरनगर, हापुड़, सीतापुर, हाथरस, इटावा, मिर्जापुर और रायबरेली

ड्राइवर नेटवर्क: 50 हजार से अधिक

नया विस्तार: टैक्सी के साथ बाइक और ऑटो चालक भी नेटवर्क से जुड़ेंगे

-- अविनाश कुमार

Share this post
Tags 


Archive