Skip to Content

Tragic road accident in Mainpuri: speeding container truck runs over a motorcycle; mother and two young daughters killed, father critically injured

मैनपुरी में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को रौंदा,मां और दो मासूम बेटियों की मौत,पिता गंभीर रूप से घायल
6 October 2026 by
thenewsagency


मैनपुरी, अक्टूबर 6 (TNA) जनपद मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार महिला और उसकी दो मासूम बेटियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बाइक कंटेनर में फंस गई और उसमें लदे जूतों के कार्टूनों में आग लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।

रिश्तेदारी में आए थे दंपती

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 4:15 बजे गोगाजी मंदिर-कपिल मुनि आश्रम के पास कंटेनर और बाइक की भिड़ंत की सूचना डायल-112 पर मिली। प्रभारी निरीक्षक बेवर अनिल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। जांच में सामने आया कि कोतवाली मैनपुरी क्षेत्र के गांव कछपुरा निवासी बांबी शाक्य 32 अपनी पत्नी सुमन 30, चार वर्षीय बेटी प्रियांशी और करीब एक वर्षीय बेटी के साथ रिश्तेदारी में नगला टांकन आए थे।

तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से कुचले शव

बताया गया कि रात रिश्तेदारी में रुकने के बाद परिवार सुबह करीब तीन बजे बाइक से अपने गांव कछपुरा लौट रहा था। जैसे ही बाइक जीटी रोड पर कपिल मुनि आश्रम के पास पहुंची, तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कंटेनर में फंस गई और बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे। इसके बाद कंटेनर के पहियों की चपेट में आने से सुमन, चार वर्षीय प्रियांशी और एक वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बांबी गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे में कंटेनर में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

हादसे के बाद बाइक कंटेनर में फंसने से निकली चिंगारियों से कंटेनर में लदे जूतों के कार्टूनों में आग लग गई। कुछ ही देर में कंटेनर से धुआं उठने लगा। सूचना पर पहुंची फायर सर्विस ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने घायल बांबी को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके पर फील्ड यूनिट को भी बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। कंटेनर को कब्जे में लेकर हादसे की जांच की जा रही है।

हादसे की गंभीरता से की जा रही जांच

प्रभारी निरीक्षक बेवर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया और दमकल की मदद से कंटेनर में लगी आग बुझ गई।


Share this post
Tags 


Archive