Skip to Content

Thousands visit Pushkar mela, one crore rupee horse draws attraction

पुष्कर मेले में 1 करोड़ की घोड़ी, 2 फीट की गाय बनी आकर्षण
14 November 2026 by
thenewsagency


अजमेर, नवंबर 14 (TNA) विश्व प्रसिद्ध पुष्कर पशु मेले में करोड़ों के घोड़े, 2 फीट की मिनिएचर पुंगानूर गाय और सजे-धजे ऊंट पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। देशभर से पहुंचे पशुपालकों और पर्यटकों से मेला मैदान गुलजार है। अजमेर के पुष्कर में विश्व प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले का रंग जमने लगा है। मेले की औपचारिक शुरुआत 17 नवंबर से होगी, लेकिन इससे पहले ही पशु मेला पूरी तरह परवान पर है। देश के अलग-अलग राज्यों से पशुपालक और व्यापारी अपने खास पशुओं के साथ पुष्कर पहुंच रहे हैं। मेले में करोड़ों रुपये के शानदार घोड़े, महज 2 फीट की मिनिएचर गाय और आकर्षक अंदाज में सजाए गए ऊंट पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

इस बार जयपुर से आए पशुपालक अभिनव तिवारी और महेंद्र यादव की मिनिएचर पुंगानूर गाय खास चर्चा में है। अभिनव तिवारी के अनुसार, इस गाय का अधिकतम आकार करीब 2 फीट तक होता है। आम पुंगानूर नस्ल की गायों की ऊंचाई 3 से 3.5 फीट तक होती है। यह मिनिएचर गाय अभी 6 महीने की है। उन्होंने बताया कि पुंगानूर गाय प्रतिदिन करीब 3.5 से 5 किलो तक दूध देती है, जबकि मिनिएचर गायों में उनके छोटे आकार के अनुपात में दूध का उत्पादन कम होता है। मेले में इस छोटी गाय को देखने के लिए पर्यटकों की अच्छी भीड़ जुट रही है।

वहीं, पंजाब के भटिंडा जिले के पक्का कलां गांव से आए गोरा भाई अपने शानदार घोड़ों के साथ मेले की रौनक बढ़ा रहे हैं। उनके पास नगीना नाम की घोड़ी है, जो अब तक 7 शो जीत चुकी है। दो महीने की गर्भवती इस घोड़ी की मांग करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा नुकरी नस्ल की शहजादी 6 बार चैंपियन रह चुकी है, जिसकी कीमत 35 लाख रुपये है। वहीं, सुंदरी नाम की काली घोड़ी की कीमत 21 लाख रुपये बताई गई है। गोरा भाई इन घोड़ों की सेहत के लिए चने, जई, जौ और विशेष मिक्सचर से तैयार डाइट का ध्यान रखते हैं।

पशु मेले में ऊंट भी पर्यटकों के आकर्षण का बड़ा केंद्र बने हुए हैं। रियांबड़ी से आए ऊंट व्यापारी ओमप्रकाश इस बार 19 ऊंट लेकर पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि ऊंट पालन और व्यापार उनका खानदानी काम है। ऊंटों को आकर्षक बनाने के लिए उन पर पारंपरिक तरीके से रंगों से खिजाब और डिजाइन किए जाते हैं। वे अपने ऊंटों की देखभाल बच्चों की तरह करते हैं और उनके खान-पान का विशेष ध्यान रखते हैं।

पुष्कर मेले की रौनक सिर्फ पशुपालकों तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर से पहुंच रहे पर्यटक भी यहां के अनुभव का आनंद ले रहे हैं। आगरा से दूसरी बार पुष्कर आए विपुल अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने ब्रह्मा जी के दर्शन किए और पशु मेले में घोड़ों के साथ ऊंटों की सवारी का आनंद लिया। वहीं, आगरा-फिरोजाबाद से परिवार के साथ पहली बार पहुंचीं मीरा अग्रवाल ने मेले के अनुभव को शानदार बताया। उन्होंने कहा कि यहां बड़े-बड़े घोड़े और ऊंट देखने को मिल रहे हैं। बच्चों ने भी कैमल राइडिंग और हॉर्स राइडिंग का खूब आनंद लिया।

कुल मिलाकर पुष्कर पशु मेला पशुओं की अनूठी नस्लों, करोड़ों की कीमत वाले घोड़ों, पारंपरिक ऊंट सजावट और देशभर से पहुंच रहे पर्यटकों के चलते अभी से आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। औपचारिक शुरुआत से पहले ही मेले में रौनक और उत्साह देखने को मिल रहा है।


Share this post
Tags 


Archive