कानपुर, अक्टूबर 3 (TNA) बारिश और उमस के लंबे दौर के बाद अब कानपुर समेत उत्तर प्रदेश में मौसम करवट लेने लगा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तर भारत से विदाई शुरू हो गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार उत्तर प्रदेश से मानसून पूरी तरह लौट चुका है। इसके साथ ही प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कम होने और मौसम के धीरे-धीरे शुष्क होने का दौर शुरू हो गया है। कानपुर में अब दिन में धूप का असर बढ़ने के साथ सुबह-शाम हल्की राहत महसूस हो सकती है।
सुपौल से रांची और रायपुर तक पहुंची मानसून की विदाई रेखा
मानसून की वापसी की अंतिम रेखा इस समय बिहार के सुपौल, झारखंड के रांची, छत्तीसगढ़ के रायपुर तथा महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी, परभणी, बारामती और हरनाई से होकर गुजर रही है। यह रेखा 27.5 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 86.5 डिग्री पूर्वी देशांतर से शुरू होकर देश के मध्य और पश्चिमी हिस्सों को पार करते हुए अरब सागर में 17.5 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 71.8 डिग्री पूर्वी देशांतर तक पहुंच रही है।आईएमडी के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश से मानसून की पूरी वापसी हो चुकी है। गुजरात और मध्य प्रदेश से भी मानसून विदा हो गया है।
अगले दो-तीन दिन में इन राज्यों से भी विदाई
मानसून की वापसी अभी पूरी तरह थमी नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में महाराष्ट्र के शेष मराठवाड़ा और विदर्भ, छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों, ओडिशा, तेलंगाना तथा उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों से भी मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।वहीं, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम अभी सक्रिय रह सकता है। कुछ इलाकों में चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
सीएसए मौसम विशेषज्ञ सुनील पांडेय ने बताया, अब दिखेगा बदलाव
सीएसए के मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक मानसून की वापसी के साथ उत्तर भारत में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलता है। बारिश और बादलों की गतिविधियां कम होने के बाद दिन के तापमान में बढ़ोतरी और सुबह-शाम हल्की ठंडक महसूस होने लगती है।कानपुर में भी अब लोगों को लगातार बारिश और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि अक्टूबर की शुरुआत में दिन में धूप के कारण गर्मी महसूस हो सकती है। रात और सुबह के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने के साथ मौसम में हल्का बदलाव महसूस होने लगेगा।
-- अवनीश कुमार