मैनपुरी, अक्टूबर 12 (TNA) एलाऊ थाना क्षेत्र में ईंट-भट्ठे के पास सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में जेसीबी चालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दन्नाहार क्षेत्र के ग्राम कपूरपुर निवासी मंगल सिंह उर्फ बंटू के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने जमीनी रंजिश के चलते हत्या किए जाने का आरोप लगाया।
परिजनों के मुताबिक, मंगल सिंह रविवार को नगला बल सिंह में काम करने के लिए गया था। रात में वह अन्य मजदूरों के साथ छत पर सोया था। सोमवार सुबह उसका शव मिलने की सूचना मिली। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे परिजनों ने आरोप लगाया कि परिवार के ही कुछ लोगों से उनका पुराना जमीनी विवाद चल रहा है। इस मामले में न्यायालय में मुकदमा भी विचाराधीन है। परिजनों ने इसी रंजिश के चलते मंगल सिंह की हत्या किए जाने की आशंका जताई और कार्रवाई की मांग की।
वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। छत से गिरने और हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-- मनीष मिश्रा