Skip to Content

In Mainpuri, a father, displeased with his daughter's choice, shot her in the head and also attempted to shoot his wife

मैनपुरी में बेटी की पसंद नागवार गुजरी, पिता ने सिर में दागी गोली, पत्नी को भी गोली मारने की कोशिश
19 October 2026 by
thenewsagency


मैनपुरी, अक्टूबर 19 (TNA) अपनी मर्जी से शादी करने को लेकर चल रहे विवाद में एक पिता ने अपनी बेटी को गोली मार दी। गोली सिर में फंसने से युवती की हालत गंभीर हो गई। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बेटी को गोली मारने के बाद आरोपी ने पत्नी पर भी गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन वह अन्य बेटियों के साथ कमरे में बंद होकर बच गई।

घटना थाना एलाऊ क्षेत्र के दिवनपुर स्थित शांतिनगर की है। यहां के निवासी आसिन अपनी बेटी साजिया की शादी अपनी पसंद से करना चाहता था, जबकि साजिया किसी दूसरे युवक से प्रेम करती थी। इसी बात को लेकर परिवार में करीब डेढ़ महीने से विवाद चल रहा था।

रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे परिवार के लोग सो रहे थे। साजिया दूसरे कमरे में चारपाई पर लेटी हुई थी। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। उसकी मां खैरून निशा कमरे में पहुंचीं तो बेटी लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ी थी। पास में ही उसका पिता हथियार लेकर खड़ा था।

बेटी की हालत देखकर मां चीखने लगीं तो आरोपी ने उन्हें भी गोली मारने की कोशिश की। किसी तरह बचकर खैरून निशा अन्य बेटियों के साथ दूसरे कमरे में चली गई और दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल साजिया को जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बताया गया कि गोली उसके सिर में फंसी हुई है। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

-- मनीष मिश्रा

Share this post
Tags 


Archive