Skip to Content

First Prakash Parv of Shri Guru Granth Saheb celebrated with fervour in Lucknow

लखनऊ में श्रद्धा से मनाया गया श्री गुरु ग्रन्थ साहिब का पहला प्रकाश पर्व
12 September 2026 by
thenewsagency


लखनऊ, सितंबर 12 (TNA) श्री गुरु सिंह सभा  गुरुद्वारा नाका हिंडोला में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का पहला प्रकाश पर्व  पूर्ण श्रद्धा के साथ मनाया गया जिसमे श्री दरबार साहिब, अमृतसर से भाई सिमरनजीत सिंह ने संगत को गुरु के शब्दों से निहाल किया। इस विशेष अवसर पर  पांच प्यारो की अगुवाई में एवं फूलों से सुसज्जित पालकी साहिब में सुशोभित श्री गुरु ग्रन्थ साहिब की छत्र -छाया में एक शब्द चौकी का आयोजन किया गया जिसमें सिख श्रद्धालु एवं विभिन्न जत्थे बंदियाँ शब्द गायन करते हुए एवं "बोले सो निहाल सत श्रीअकाल " के जयकारे के साथ क्षेत्र के वातावरण को भक्तिमय बना रहे थे | 

शब्द चौकी में खालसा इंटर कॉलेज के एनसीसी केडेट्स एवं गुरु नानक गर्ल्स इंटर की छात्राएं बैंड की धुन पर कदम ताल करते हुए शब्द चौकी रूप में परिक्रमा की शोभा बढ़ा रहे थे |  विजय  नगर में लखनऊ  गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष स. राजेन्द्र सिंह बग्गा ने शब्द चौकी का पुष्प बरखा कर स्वागत किया | खालसा इंटर कॉलेज द्वारा शब्द चौकी में सहयोग के लिए कॉलेज प्रधानाचार्य स. विरेंद्र सिंह को  सिख सेवक जत्थे द्वारा सम्मानित किया गया | 

शब्द चौकी में मनमीत सिंह, हरमिंदर सिंह, दलजीत सिंह बग्गा, देवेंद्र पाल सिंह, कुलवंत सिंह, कुलदीप सिंह सलूजा, राजवंत सिंह बग्गा, स. कृपाल सिंह ऐबट उपस्थित रहे। शब्द चौकी रूप में परिक्रमा के समापन उपरांत  गुरुद्वारा साहिब के हेड ग्रंथी  दिलेर सिंह जोश द्वारा विधिवत रूप से सत्कार के साथ श्री गुरु ग्रन्थ साहिब जी का प्रकाश  किया गया |  गुरुद्वारा अध्यक्ष डॉ अमरजोत सिंह एवं महामंत्री मनमीत सिंह ने सारी संगतों को श्री गुरु ग्रन्थ साहिब जी के पहले प्रकाश पर्व की बधाइयाँ प्रेषित की एवं सबको गुरु महाराज के उपदेशों पर चलने के लिए प्रेरित किया | 

यह समागम १० सितंबर से चल रहा था एवं शब्द चौकी का प्रबंध सिख सेवक जत्थे द्वारा किया गया।  गुरुद्वारा सदर अध्यक्ष सरदार हरपाल सिंह जग्गी  को  तराई क्षेत्र में धर्मांतरण को रोकने एवं  निरंतर प्रयासरत रहने के लिए व सिख सेवक जत्थे के नव मनोनीत अध्यक्ष कुलदीप सिंह सलूजा,जनरल सेक्रेटरी अमरजीत सिंह छाबड़ा सहित उनकी टीम को गुरुद्वारा साहिब में सम्मानित किया गया। १८ सितंबर को श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पहले प्रकाश को समर्पित एक आयोजन भी रखा गया है जिसमे ज्ञानी शेर सिंह जी एवं  पंथ प्रसिद्ध  रागी जत्थे विशेष तौर पर शाम को दीवान सजायेंगे।


Share this post
Tags 


Archive