Skip to Content

Eight labourers electrocuted during road construction in Rajasthan

झुंझुनूं में सड़क निर्माण के दौरान करंट लगने से आठ श्रमिकों की मौत
2 November 2026 by
thenewsagency


झुंझुनूं, नवंबर 2 (TNA) राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सोमवार को सड़क निर्माण कार्य के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में आठ श्रमिकों की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसा उदयपुरवाटी थाना क्षेत्र के छापोली गांव में हुआ। पुलिस के अनुसार, छापोली से कदमकुंड को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण चल रहा था। इसी दौरान बजरी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। मशीन में करंट फैलने से उसके आसपास काम कर रहे श्रमिक इसकी चपेट में आ गए।

पांच की मौके पर मौत

अधिकारियों के मुताबिक, पांच श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे तीन अन्य श्रमिकों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में तीन महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं । हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं । 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से ₹2 लाख की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। घायलों को भी सहायता दिए जाने की बात कही गई है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि निर्माण स्थल पर हाईटेंशन लाइन के संबंध में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। पुलिस और संबंधित विभागों की जांच के बाद हादसे की जिम्मेदारी तय की जाएगी।


Share this post
Tags 


Archive