लखनऊ, नवंबर 18 (TNA) चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू), लखनऊ के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सतीश कुमार को ब्रिटेन के प्रतिष्ठित रॉयल कॉलेज ऑफ फिजिशियंस ऑफ एडिनबर्ग की फेलोशिप एफआरसीपी से सम्मानित किया गया है। स्कॉटलैंड की राजधानी एडिनबर्ग में 13 नवंबर को आयोजित अंतरराष्ट्रीय समारोह में विश्व के विभिन्न देशों के 64 चिकित्सकों को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। डॉ. सतीश की इस उपलब्धि ने देश के चिकित्सा जगत में गौरव का एक अध्याय जोड़ दिया है।
रॉयल कॉलेज के ऐतिहासिक परिसर में आयोजित समारोह की अध्यक्षता संस्थान के प्रेसिडेंट प्रोफेसर मार्क स्ट्रेचन ने की। उन्होंने नवनिर्वाचित फेलोज को फेलोशिप डिप्लोमा प्रदान किए। चिकित्सा क्षेत्र में विशिष्ट शैक्षणिक एवं व्यावसायिक उपलब्धियों के लिए प्रदान की जाने वाली यह फेलोशिप वैश्विक चिकित्सा जगत में विशेष प्रतिष्ठा रखती है।
विश्व के प्रतिष्ठित संस्थानों में एक है एडिनबर्ग
वर्ष 1681 में स्थापित रॉयल कॉलेज ऑफ फिजिशियंस ऑफ एडिनबर्ग विश्व के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में शामिल है। लगभग 345 वर्षों की गौरवशाली परंपरा वाला यह संस्थान चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान, चिकित्सकीय प्रशिक्षण और स्वास्थ्य सेवाओं के मानकों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कौन हैं डॉ. सतीश कुमार

डॉ. सतीश कुमार ने मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज से एमबीबीएस और केजीएमयू, लखनऊ से एमडी (मेडिसिन) की उपाधि प्राप्त की। साल 2013 से केजीएमयू से जुड़े डॉ. कुमार ने वर्ष 2021 में एसोसिएट प्रोफेसर का दायित्व संभाला। उनके अब तक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा शोध पत्रिकाओं में 110 से अधिक शोधपत्र प्रकाशित हो चुके हैं।
इसके अलावा चिकित्सा पुस्तकों में आठ अध्यायों का लेखन और 30 से अधिक अकादमिक एवं व्यावसायिक सम्मान उनकी उपलब्धियों में शामिल हैं। मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा और मेटाबॉलिक सिंड्रोम के क्षेत्र में उनका विशेष शोध योगदान रहा है।