Skip to Content

Double-storey building collapses in Mainpuri, over half-a-dozen injured

18 September 2026 by
thenewsagency


मैनपुरी, सितंबर 18 (TNA) शहर कोतवाली क्षेत्र के करहल रोड स्थित सरदार चक्की वाली गली में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक दो मंजिला मकान भरभराकर धराशायी हो गया। हादसे में मकान में रह रहे करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, गली में पिंटू का दो मंजिला मकान है। मकान की निचली मंजिल पर पति-पत्नी रहते थे, जबकि ऊपरी मंजिल पर किराएदार रह रहे थे। शुक्रवार सुबह अचानक मकान गिर गया, जिससे दोनों मंजिलों पर मौजूद लोग मलबे में दबकर घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।

घटना की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक तिवारी जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे। उन्होंने घायलों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद एएसपी ग्रामीण घटनास्थल पर भी पहुंचे और मकान गिरने की स्थिति का निरीक्षण किया। पुलिस हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

-- मनीष मिश्रा


Share this post
Tags 


Archive