Skip to Content

District administration makes comprehensive preparations to tackle floods in Varanasi; 61 relief camps and 198 boats kept ready.

वाराणसी में बाढ़ से निपटने को जिला प्रशासन की व्यापक तैयारी, 61 राहत शिविर और 198 नावें तैयार
30 August 2026 by
thenewsagency


वाराणसी, अगस्त 30 (TNA) गंगा एवं वरुणा के जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ से राहत एवं बचाव के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जनपद में 61 बाढ़ राहत शिविर, 21 बाढ़ चौकियां और 198 नावों की व्यवस्था की गई है। राहत शिविरों में भोजन, पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता, बिस्तर सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। 

कम्युनिटी किचन के माध्यम से प्रभावित लोगों को तीन समय भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।राहत शिविरों में राजस्व, स्वास्थ्य, पशुपालन, नगर निगम सहित संबंधित विभागों की टीमें तैनात रहेंगी। प्रभावित परिवारों को आवश्यकतानुसार बाढ़ राहत किट भी उपलब्ध कराई जाएगी।

पशुधन की सुरक्षा के लिए चारा, उपचार, टीकाकरण और स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की गई है।बाढ़ की स्थिति पर निगरानी और त्वरित कार्रवाई के लिए 24 घंटे बाढ़ नियंत्रण कक्ष संचालित किया जा रहा है। वहीं, NDRF, जल पुलिस और PAC की टीमें आपात स्थिति में रेस्क्यू के लिए तैयार रखी गई हैं। 

उपलब्ध नावों का उपयोग सुरक्षित निकासी और राहत सामग्री पहुंचाने में किया जाएगा।जिला प्रशासन द्वारा गंगा समेत अन्य नदियों के जलस्तर और मौसम की लगातार निगरानी की जा रही है।

केंद्रीय जल आयोग और मौसम विभाग से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। राजस्व, पुलिस, नगर निगम, स्वास्थ्य, पशुपालन, सिंचाई, विद्युत, जलकल, खाद्य एवं रसद तथा लोक निर्माण विभाग समेत सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है।प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि जलभराव, नदी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन या बाढ़ नियंत्रण कक्ष को सूचना दें।


Share this post
Tags 


Archive