Skip to Content

Demand to ban online business; traders in Mainpuri raise 11 demands

ऑनलाइन कारोबार पर रोक की मांग, मैनपुरी में व्यापारियों ने उठाईं 11 मांगें
5 October 2026 by
thenewsagency


मैनपुरी, अक्टूबर 5 (TNA) उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बनवारीलाल कंछल मंगलवार को भोगांव रोड स्थित मुनीम जी कोल्ड स्टोर पर आयोजित व्यापारियों की बैठक में पहुंचे। व्यापारियों ने फूल-माला और अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत किया। बैठक में व्यापारियों की समस्याओं के साथ संगठन की 11 सूत्रीय मांगों पर चर्चा हुई।

प्रांतीय अध्यक्ष ने कहा कि ऑनलाइन ट्रेडिंग के कारण खुदरा व्यापार प्रभावित हो रहा है। सरकार से ऑनलाइन ट्रेडिंग पर रोक लगाने की मांग की गई है। जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों का सरकारी कर्मचारियों की तरह स्वास्थ्य बीमा कराने और दुकान में आग लगने पर बीमा की व्यवस्था करने की मांग भी रखी गई। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा वसूले जाने वाले ब्याज की दर 18 से घटाकर नौ प्रतिशत की जानी चाहिए।

व्यापारियों ने बिजली और गृहकर की व्यावसायिक दरें घरेलू दरों के बराबर करने, बिजली बिल में फिक्स और मिनिमम चार्ज समाप्त करने तथा मंडी शुल्क की दर एक प्रतिशत करने की मांग की। सभी विभागों के लाइसेंस आजीवन करने, सर्वे-छापे की व्यवस्था समाप्त करने, दुर्घटना बीमा 10 से बढ़ाकर 25 लाख रुपये और व्यापारी पेंशन तीन हजार से बढ़ाकर 10 हजार रुपये करने की मांग भी उठाई गई।

बैठक में जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों को शस्त्र लाइसेंस प्राथमिकता के आधार पर देने तथा विधान परिषद और राज्यसभा में व्यापारियों के लिए 10 सीटें आरक्षित करने की मांग भी रखी गई।

जेल भेजने के प्रावधान की जानकारी दी

बनवारीलाल कंछल ने व्यापारियों को बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से 28 अक्टूबर 2025 को कई विभागों में व्यापारियों की छोटी-छोटी गलतियों पर जेल भेजने संबंधी प्रावधान समाप्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में अब विभागीय कार्रवाई होगी। उन्होंने व्यापारियों से इसकी जानकारी अन्य व्यापारियों तक पहुंचाने को कहा।

उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में संगठन का सदस्यता अभियान चल रहा है। प्रांतीय निर्वाचन 17 और 18 अप्रैल 2027 को लखनऊ के महाराजा अग्रसेन विद्यालय, मोतीनगर में होगा। बैठक में मैनपुरी जिलाध्यक्ष प्रशांत मिश्रा, इटावा जिलाध्यक्ष संतोष सिंह चौहान, महामंत्री कमलेश दीक्षित, उपाध्यक्ष शिवकुमार सिंह, कृष्णकांत मिश्रा, पन्नू दीक्षित, अर्पित मिश्रा, बालमुकुंद चंद्र, देव पाल, गगन पोखाल, दिलीप कुमार गुप्ता, प्रतीक गुप्ता, सुशील अग्रवाल और रोहित गोयल  अंकित दीक्षित अभिषेक शर्मा अनिल दिक्षित  गोलू मिश्रा समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।


Share this post
Tags 


Archive