मैनपुरी, नवंबर 1 (TNA) कोतवाली क्षेत्र के महमूद नगर में दो दिन से लापता सात वर्षीय बालक का शव रविवार सुबह राजा के तालाब के किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बालक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
महमूद नगर निवासी साबिर पुत्र छोटे मिस्त्री का सात वर्षीय बेटा आदिल जन्म से ही बोल नहीं पाता था और मानसिक रूप से भी कमजोर था। परिजनों के मुताबिक, 30 अक्टूबर की शाम करीब चार बजे आदिल अचानक घर से लापता हो गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने पुलिस चौकी पहुंचकर बालक की गुमशुदगी की तहरीर दी थी।
परिजनों को स्थानीय लोगों से जानकारी मिली कि आदिल को महमूद नगर स्थित राजा के तालाब के पास खेलते हुए देखा गया था। इस जानकारी के बाद परिवार को आशंका हुई कि कहीं बालक तालाब में तो नहीं गिर गया। रविवार सुबह परिजनों ने जेसीबी की मदद से तालाब के आसपास तलाश शुरू कराई। इसी दौरान करीब 11 बजे बालक का शव तालाब के किनारे बरामद हुआ। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया गया कि बालक के मुंह और नाक पर खून के निशान दिखाई दे रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि खेलते समय बालक तालाब में गिरकर डूब गया होगा। हालांकि, शव पर मिले निशानों और मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। परिजनों की ओर से भी मामले को लेकर चिंता जताई गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि सात वर्षीय बालक दो दिन से लापता था। बालक मानसिक रूप से कमजोर था। रविवार को उसका शव तालाब के किनारे मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।