Skip to Content

AAP names two new faces as spokespersons for Uttar Pradesh

आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश ने घोषित किए नए प्रदेश प्रवक्ता
10 September 2026 by
thenewsagency


लखनऊ, सितंबर 1 (TNA) आम आदमी पार्टी के संगठन विस्तार के क्रम में प्रदेश प्रभारी व सांसद संजय सिंह की स्वीकृति से आम आदमी पार्टी, उत्तर प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता वंशराज दुबे ने इमरान संभलशाही एवं अरुण सिंह चंदेल को प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया है।  पदों की घोषणा करते हुए आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता वंशराज दुबे ने कहा कि पार्टी लगातार ऐसे समर्पित, विद्वान और जमीनी चेहरों को आगे ला रही है जो जनसरोकारों को प्रखरता से रख सकें।

उन्होंने कहा कि इमरान संभलशाही और अरुण सिंह चंदेल दोनों ही अपने-अपने क्षेत्रों के सिद्धहस्त हस्ताक्षर हैं। वंशराज दुबे ने कहा कि आज जब उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और तानाशाही चरम पर है, तब कलम, अध्ययन और पत्रकारिता की ताकत से लैस ये प्रवक्ता टीवी बहसों से लेकर सड़कों तक जनता के बुनियादी मुद्दों पर मौजूदा सरकार की जवाबदेही तय करने का काम करेंगे।

नवनियुक्त प्रदेश प्रवक्ता इमरान संभलशाही साहित्य और शिक्षा जगत में एक प्रतिष्ठित पहचान रखते हैं। लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय इमरान संभलशाही के अब तक तीन कविता-संग्रह और एक कहानी-संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं। उनके उत्कृष्ट रचनात्मक योगदान के लिए उन्हें हिंदी अकादमी, मुंबई द्वारा प्रतिष्ठित 'साहित्य भूषण सम्मान' तथा वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर द्वारा 'वामिक जौनपुरी सम्मान' सहित कई अन्य राष्ट्रीय व प्रांतीय सम्मानों से नवाजा जा चुका है।

हिंदी साहित्य और थिएटर एंड फ़िल्म में स्नातकोत्तर (मास्टर्स) इमरान पेशे से एक शिक्षक भी हैं और प्रयागराज (इलाहाबाद) में अध्यापन कार्य से जुड़े हुए हैं। अपनी नियुक्ति पर इमरान संभलशाही ने कहा कि साहित्य और शिक्षण का मूल उद्देश्य समाज को सच का आईना दिखाना है। वे आम आदमी पार्टी के मंच से उत्तर प्रदेश के शिक्षकों, शिक्षित बेरोजगार युवाओं, छात्रों और आम जनमानस के दर्द को पूरी ताकत और संवेदना के साथ उठाएंगे।

पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय और जनता की नब्ज पहचानने वाले वरिष्ठ पत्रकार अरुण सिंह चंदेल को प्रदेश प्रवक्ता बनाकर आम आदमी पार्टी ने मीडिया प्रबंधन को एक अनुभवी दृष्टि दी है। ग्रामीण समस्याओं, जनमुद्दों और जमीनी राजनीति पर गहरी पकड़ रखने वाले अरुण सिंह चंदेल ने अपनी नियुक्ति पर पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि एक पत्रकार के तौर पर उन्होंने हमेशा सत्ता की खामियों और जनता की बेबसी को करीब से देखा व समझा है। अब आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता के रूप में वे उसी निष्पक्ष और निर्भीक तेवर के साथ उत्तर प्रदेश की जनविरोधी नीतियों को उजागर करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे प्रदेश के दूरदराज इलाकों और गांवों के बुनियादी मुद्दों को प्रमुखता से मीडिया के केंद्र में लाकर सरकार को कटघरे में खड़ा करेंगे।


Share this post
Tags 


Archive