मैनपुरी, अगस्त 25 (TNA) रक्षाबंधन त्योहार के दृष्टिगत मिलावटी एवं दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने ,जनपद में विशेष अभियान चलाया। अभियान आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आदेश तथा जिलाधिकारी मैनपुरी के निर्देशों के क्रम में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय डॉ. श्वेता सैनी के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मैनपुरी ए.के. पाठक के नेतृत्व में चलाया गया।
अभियान के दौरान गुप्ता मिष्ठान भंडार, करीमगंज का निरीक्षण किया गया। यहां से खोया का एक नमूना संग्रहित किया गया। दुकान में रखी करीब 10 किलो दूषित बर्फी, 5 किलो फफूंद लगी लड्डू, 4 पैकेट एक्सपायर्ड दही तथा 20 किलो खराब सूजी को नष्ट कराया गया। नष्ट कराई गई सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 5,000 रुपये बताई गई।
इसके बाद बालाजी मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया गया, जहां से खोया का एक नमूना संग्रहित किया गया। दुकान संचालक को स्टोर में एग्जॉस्ट फैन लगवाने और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के सख्त निर्देश दिए गए।
वहीं, कुरावली जीटी रोड स्थित श्री महावीर मिष्ठान भंडार एवं नमकीन का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्टोर में अत्यधिक गंदगी और खाद्य पदार्थों का अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारण पाया गया।

टीम ने दुकान से रंगीन छेना रसगुल्ले का एक नमूना संग्रहित किया। इसके साथ ही करीब एक क्विंटल खराब एवं दूषित मिठाई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25,500 रुपये थी, नष्ट कराई गई। खाद्य सुरक्षा टीम ने दुकान को साफ-सफाई की स्थिति ठीक होने तक बंद कराया और संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए कि साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने के बाद ही खाद्य कारोबार दोबारा संचालित किया जाए।
अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों के नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ब्रजेंद्र कुमार, प्रदीप कुमार एवं इन्द्रजीत सिंह शामिल रहे।
-- मनीष मिश्रा