Skip to Content

Mainpuri DM takes a Strict Stance on Waterlogging; Warns of Action Against Negligence

मैनपुरी में जलभराव को लेकर प्रशासन सख्त, डीएम ने दी लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
25 August 2026 by
thenewsagency


मैनपुरी, अगस्त 25 (TNA) बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने सभी उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने और जल निकासी के प्रभावी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जलभराव के कारण यदि कहीं भी आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु में जलभराव को लेकर मुख्यमंत्री द्वारा भी नाराजगी व्यक्त की गई है। ऐसे में अधिकारी किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें। सभी एसडीएम नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर जलभराव वाले और संभावित जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित करें तथा वहां पहले से ही जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।

संबंधित विभागों में बेहतर समन्वय के निर्देश

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जलभराव वाले क्षेत्रों में खंड विकास अधिकारी, नगर निकाय के अधिशासी अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत सचिव आपसी समन्वय से तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें। नालियों की सफाई, जल निकासी के रास्तों को सुचारु करने और आवश्यकता के अनुसार अन्य प्रभावी व्यवस्थाएं कराने पर विशेष जोर दिया गया है।

शिकायत मिलते ही होगा स्थलीय निरीक्षण

डीएम ने कहा कि जलभराव से संबंधित किसी भी शिकायत को नजरअंदाज न किया जाए। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण करें और समस्या का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि संभावित जलभराव वाले स्थानों को पहले से चिन्हित कर समस्या की रोकथाम करना है।

लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही

जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने साफ कहा कि बारिश के दौरान जलभराव के कारण यदि किसी क्षेत्र में आमजन को असुविधा होती है तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। प्रशासन के सख्त रुख के बाद अब जलभराव वाले क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई और बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों पर तय कर दी गई है।

- मनीष मिश्रा


Share this post
Tags 


Archive