मैनपुरी, अगस्त 25 (TNA) आगरा मंडल के संयुक्त विकास आयुक्त (JDC) उमेश मणि त्रिपाठी मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर मैनपुरी पहुंचे। उन्होंने मैनपुरी ब्लॉक कार्यालय, क्षेत्रीय ग्राम विकास संस्थान सहित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का निरीक्षण कर विकास कार्यों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को विकास योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
साफ-सफाई और अभिलेख दुरुस्त रखने के निर्देश
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में JDC उमेश मणि त्रिपाठी ने बताया कि कार्यालयों में सामान्य व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं और कोई बड़ी कमी सामने नहीं आई। हालांकि, उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर करने तथा कार्यालयी अभिलेख एवं रजिस्टरों को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने क्षेत्रीय ग्राम विकास संस्थान के निदेशक और संबंधित खंड विकास अधिकारी (BDO) को मिली छोटी-मोटी कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए।
महिला सशक्तिकरण और रोजगार पर जोर
JDC ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि महिलाओं को सरकारी योजनाओं, प्रशिक्षण और अन्य आवश्यक सुविधाओं का लाभ दिलाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाए।
इसके साथ ही रोजगारपरक योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़कर अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
पेंशन और सामूहिक विवाह योजनाओं के लक्ष्य पूरे करने के निर्देश
संयुक्त विकास आयुक्त ने गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए संचालित पेंशन योजनाओं, शादी अनुदान तथा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता के साथ समयबद्धता भी सुनिश्चित की जाए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंच सके।
-- मनीष मिश्रा