मैनपुरी, अगस्त 22 (TNA) समाचार पोर्टल, The News Agency की खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। कुरावली क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय कुम्हरौहा में साफ पेयजल की समस्या को लेकर एक छात्रा की भावुक अपील का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया।
वीडियो में विद्यालय के बच्चे स्वच्छ पेयजल की समस्या से परेशान नजर आए थे। बच्चों ने मुख्यमंत्री से स्कूल में साफ पानी उपलब्ध कराने की अपील की थी। वीडियो सामने आने के बाद जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बीडीओ को तत्काल विद्यालय भेजकर स्थिति की जानकारी लेने के निर्देश दिए।
प्रशासन के निर्देश पर जल निगम द्वारा विद्यालय में उपलब्ध पानी की गुणवत्ता की जांच कराई गई। जांच में पानी की गुणवत्ता सही पाई गई। इसके बावजूद बच्चों को और बेहतर गुणवत्ता का पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यालय में तत्काल RO सिस्टम लगवा दिया गया।
क्या बोले जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी
जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि विकासखंड कुरावली के उच्च प्राथमिक विद्यालय के बच्चों के पेयजल की गुणवत्ता से संबंधित सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लिया गया। इसके बाद बीडीओ को स्कूल भेजा गया और जल निगम से पानी की टेस्टिंग भी कराई गई।
उन्होंने बताया कि पानी की गुणवत्ता सही पाई गई, लेकिन बच्चों को और बेहतर पेयजल उपलब्ध कराने के लिए उसी दिन विद्यालय में RO सिस्टम लगवा दिया गया, ताकि बच्चों को बेहतर गुणवत्ता का पानी मिल सके। जिलाधिकारी ने बताया कि विद्यालय के बच्चों ने त्वरित कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद भी किया।
RO सिस्टम लगने के बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं को अब स्वच्छ और बेहतर गुणवत्ता का पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से बच्चों और अभिभावकों में खुशी है। वहीं, छात्रा की भावुक अपील के बाद हुई कार्रवाई की क्षेत्र में भी सराहना हो रही है।-- मनीष मिश्रा